UP News : ‘यूपी में अब तुष्टीकरण नहीं ‘संतुष्टिकरण’ की राजनीति’, सहारनपुर में सीएम योगी का बड़ा बयान
UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में 2131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तुष्टीकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की राजनीति हो रही है।
UP News : Yogi Adityanath ने गुरुवार को सहारनपुर में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब “तुष्टीकरण” नहीं बल्कि “संतुष्टिकरण” की राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल, कब्जों और जातीय-साम्प्रदायिक राजनीति में खर्च किया जाता था, जबकि अब वही पैसा सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, एक्सप्रेसवे और धार्मिक-पर्यटन स्थलों के विकास में लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सहारनपुर में 2,131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
‘डबल इंजन सरकार’ ने बदली पश्चिमी यूपी की तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। उन्होंने कहा कि पहले सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने में करीब 6 घंटे और लखनऊ पहुंचने में 12 से 14 घंटे लगते थे, लेकिन अब एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण दिल्ली ढाई घंटे और लखनऊ करीब 6 घंटे की दूरी पर रह गया है।
उन्होंने कहा कि जो लोग विकास में बाधा डालते हैं, वे जाति और तुष्टीकरण की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब जनता विकास, सुरक्षा और राष्ट्रवाद के साथ खड़ी है।
दंगों और पलायन से विकास मॉडल तक पहुंचा सहारनपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच सहारनपुर दंगों, कर्फ्यू और पलायन के कारण बदनाम था। उस समय किसान परेशान, व्यापारी भयभीत और नौजवान पलायन को मजबूर थे। उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद सहारनपुर ने नई पहचान हासिल की और यहां की विश्वस्तरीय काष्ठ कला को भी नया मंच मिला।
एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और स्पोर्ट्स कॉलेज से बदलेगा क्षेत्र
सीएम योगी ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने दिल्ली-देहरादून सिक्स लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जिससे पश्चिमी यूपी की कनेक्टिविटी को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब विकसित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेरठ की रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अब तेजी से विकास की नई इबारत लिख रहा है। सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट और बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।
‘देश विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवबंद में एटीएस सेंटर स्थापित किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी देशद्रोही सिर उठाएगा तो उसका “काम तमाम” होना तय है।
सीएम योगी ने कहा कि भारत में रहकर देश विरोधी गतिविधियों या दुश्मनों के समर्थन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
325 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2,131 करोड़ रुपये की कुल 325 परियोजनाओं में 184 परियोजनाओं का लोकार्पण और 141 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये परियोजनाएं बेहट, नकुड़, देवबंद, गंगोह, सहारनपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति देंगी।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री Sunil Kumar Sharma, Kunwar Brijesh Singh, Jaswant Saini सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



