Up News: उप जिलाधिकारी ने रजपुरा गांव में ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कार्य का किया औचक निरीक्षण

रजपुरा गांव पहुंचकर SDM ने फार्मर रजिस्ट्री सर्वे का लिया जायजा, किसानों से संवाद कर अधिकारियों को दिए पारदर्शिता के निर्देश

Up News:  शासन के निर्देशानुसार किसानों के विवरण को डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘फार्मर रजिस्ट्री’ मुहिम अब तहसील क्षेत्र में तेजी पकड़ने लगी है। इसी क्रम में आज उप जिलाधिकारी (SDM) घोसी, अशोक कुमार सिंह ने तहसील क्षेत्र के रजपुरा गांव का औचक निरीक्षण कर वहां चल रहे सर्वे एवं पंजीकरण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद लेखपालों, राजस्व कर्मचारियों एवं संबंधित अधिकारियों से अब तक पंजीकृत किसानों की संख्या, कार्य की प्रगति तथा आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरती जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम, भूमि विवरण एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का सही तरीके से सत्यापन किया जाए और पंजीकरण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गांव के किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। कई किसानों ने तकनीकी दिक्कतों, नेटवर्क समस्या एवं दस्तावेज सत्यापन में हो रही परेशानियों की जानकारी दी, जिस पर एसडीएम ने मौके पर मौजूद राजस्व टीम को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

UP News: बड़ागाँव में जमीन विवाद को लेकर उपजिलाधिकारी घोसी ने किया स्थलीय निरीक्षण

फार्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत प्रत्येक किसान को एक विशिष्ट पहचान पत्र (Farmer ID) जारी किया जाएगा। इस डिजिटल पहचान के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, खाद-बीज पर सब्सिडी तथा कृषि विभाग की अन्य सुविधाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा वास्तविक किसानों तक लाभ पहुंचाना आसान होगा।

एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों की भूमिका को समाप्त करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे असली काश्तकारों तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव-गांव जाकर किसानों को इस योजना के प्रति जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र किसान को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से और बिना किसी बाधा के मिल सके।

जिला संवाददाता एक संदेश मऊ

Related Articles

Back to top button