UP News: ईट भट्टे पर तीन मासूम की गड्ढे में डूबकर मौत, मचा कोहराम
UP News: कसया, कुशीनगर। शनिवार सुबह कसया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के टोला दीनापट्टी स्थित एक ईंट भट्ठे पर दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट बनाने के लिए मिट्टी निकाले गए गड्ढे में बरसात का पानी भरा था, जिसमें खेलते समय चार मासूम बच्चे गिर गए। इनमें से एक बच्चा किसी तरह गड्ढे से बाहर निकल आया और परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने सभी बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे दीनापट्टी गांव स्थित पंकज ईंट उद्योग भट्ठे पर छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार मजदूरी कर जीविकोपार्जन करते हैं। घटना के समय सभी परिजन भट्ठे पर कार्य कर रहे थे। वहीं उनके बच्चे अभय (3 वर्ष) पुत्र पंचु निवासी फरहदा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़), अनन्या (7 वर्ष) पुत्री लखन निवासी अकलतारा, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़), अनुष्का (ढाई वर्ष) पुत्री सुखन निवासी फरहदा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) तथा एक अन्य बच्चा आपस में खेल रहे थे।
Up News: उप जिलाधिकारी ने रजपुरा गांव में ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कार्य का किया औचक निरीक्षण
खेलते-खेलते बच्चे ईंट बनाने के लिए मिट्टी निकालकर बनाए गए गड्ढे के पास पहुंच गए, जहां बरसात का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान चारों बच्चे पानी में गिर गए। इनमें से एक बच्ची किसी तरह गड्ढे से बाहर निकलकर रोते-बिलखते परिजनों के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी कसया ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी सीएचसी पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में हल्का दरोगा वरुणेश उपाध्याय ने बताया कि भट्ठे पर कार्य करने वाले मजदूरों के बच्चे खेलते समय गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना की विस्तृत जांच भी की जा रही है।



