adevertisment Adevertiisment banner

UP Crime News: ग्राम सभा की बंजर भूमि पर भूमाफियाओं का कब्जा, अवैध निर्माण कर बेच डाली सरकारी जमीन!

बंजर भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

UP Crime News: कौशाम्बी जनपद के सिराथू तहसील अंतर्गत राजस्व गांव केशवापुर में बंजर भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण कार्य का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्राम सभा मोंगरी कड़ा के राजस्व गांव केशवापुर स्थित अराजी संख्या-120, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज बताई जा रही है, उस पर कथित रूप से भूमाफियाओं द्वारा कब्जा कर निर्माण कराने और बाद में जमीन बेचने की तैयारी किए जाने का आरोप लगा है।

प्रदेश में योगी सरकार लगातार सरकारी और बंजर जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। भू-माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और 24 घंटे के अल्टीमेटम जैसे कदमों के बीच कौशाम्बी का यह मामला प्रशासनिक हलकों में भी गंभीर माना जा रहा है।

केशवापुर निवासी अभय सिंह पुत्र दशरथ सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव की बंजर भूमि पर सीताराम निर्मल एवं सुरेन्द्र सिंह द्वारा अवैध कब्जा कराया गया। शिकायत में कहा गया है कि अराजी संख्या-120 पर पहले कब्जा करवाया गया और उसके बाद वहां तेजी से अवैध निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।

अभय सिंह का आरोप है कि उक्त भूमि पर सीताराम निर्मल और उसके पुत्रों की लंबे समय से नजर थी। आरोप है कि सुरेन्द्र सिंह के माध्यम से पहले जमीन पर कब्जा कराया गया और अब उस पर निर्माण कर जमीन को बेचने की तैयारी की जा रही है।

UP Crime News:“6 घंटे में 3 एनकाउंटर! गोली लगते ही ‘पंजाब का भगोड़ा’ गिड़गिड़ाया—अब नहीं करूंगा अपराध”

पीड़ित अभय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में यह भी बताया कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी से की, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि सीताराम निर्मल ने उन्हें जान से मारने और झूठे SC/ST मुकदमे में फंसाने तक की धमकी दी है।

मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही उन्होंने बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या सरकारी भूमि पर हो रहे कथित अवैध कब्जे को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की जाती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button