SIR: चुनाव आयोग ने एसआईआर के तीसरे चरण का ऐलान किया, 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 30 मई से वोटर वेरिफिकेशन
SIR: चुनाव आयोग ने एसआईआर के तीसरे चरण की घोषणा की। 30 मई से 23 दिसंबर तक 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 36.73 करोड़ मतदाताओं का वेरिफिकेशन होगा। जानें पूरी प्रक्रिया और विवरण।
SIR: चुनाव आयोग ने गुरुवार को स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) के तीसरे चरण की घोषणा की। इस चरण में 16 राज्य और 3 केंद्रशासित प्रदेश शामिल होंगे। पूरी प्रक्रिया 30 मई से शुरू होकर 23 दिसंबर तक चलेगी। इस दौरान करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं का वेरिफिकेशन किया जाएगा।
एसआईआर के तहत मतदाता सूची की व्यापक जांच और अद्यतन किया जाता है, ताकि सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाया जा सके। आयोग के अनुसार तीसरे चरण में लगभग 3.94 लाख बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात रहेंगे। इनके साथ 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सहयोग करेंगे, जिन्हें राजनीतिक दलों ने नामित किया है।
इस चरण में जिन राज्यों में एसआईआर होगा, उनमें पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर शामिल हैं, जहां अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। अन्य 13 राज्यों में 2028 और 2029 में चुनाव होने हैं। आयोग ने बताया कि पहले दो चरणों में 59 करोड़ से अधिक मतदाताओं को कवर किया जा चुका है।
एसआईआर के पहले और दूसरे चरण के बाद अब हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर अधिकांश देश में प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इन तीन क्षेत्रों में मौसम और जनगणना संबंधी कारणों से कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।
चुनाव आयोग ने 24 जून 2025 को पूरे देश में एसआईआर कराने का निर्णय लिया था। यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करने और मतदाता सूची को अद्यतन रखने के उद्देश्य से की जा रही है।



