VD सतीशन बन सकते हैं केरल के नए मुख्यमंत्री, 18 मई को शपथ की संभावना; 21 मंत्रियों की कैबिनेट तैयार
वीडी सतीशन 18 मई को केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस ने 21 मंत्रियों वाली कैबिनेट की तैयारी की है। जानें पूरी राजनीतिक अपडेट।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन 18 मई को केरल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) गठबंधन की ओर से 21 सदस्यों वाली पूर्ण कैबिनेट के गठन की तैयारी की जा रही है।
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में गुरुवार को सर्वसम्मति से सतीशन को विधानसभा में अपना नेता चुना गया। बैठक में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के प्रमुख सनी जोसेफ ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन ने किया।
सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला बैठक में उपस्थित नहीं थे, लेकिन उन्होंने पत्र भेजकर सतीशन को अपना समर्थन दिया। CLP की बैठक उस घोषणा के कुछ घंटों बाद हुई, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने सतीशन को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया।
पार्टी नेताओं के जल्द ही राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करने और यूडीएफ सहयोगियों के समर्थन पत्र सौंपने की उम्मीद है।
यह घटनाक्रम केरल में यूडीएफ की जीत के दस दिन बाद सामने आया है। इस चुनावी परिणाम के साथ राज्य में एक दशक से जारी वामपंथी शासन समाप्त हो गया। 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद अन्य राज्यों में नई सरकारों का गठन हो चुका था, लेकिन केरल में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में देरी को लेकर राजनीतिक हलचल बनी रही।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सतीशन के अलावा केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला भी प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। अब सतीशन के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।



