International News: इजरायल ने हमास की मिलिट्री विंग के चीफ इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को मार गिराया, 7 अक्टूबर हमले का था मास्टरमाइंड
गाजा में इजरायली एयरस्ट्राइक में हमास के शीर्ष कमांडर इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद की मौत, 7 अक्टूबर 2023 के हमले की प्लानिंग में निभाई थी अहम भूमिका
International News: इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने हमास की मिलिट्री विंग के चीफ इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को गाजा में किए गए एक एयरस्ट्राइक में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि अल-हद्दाद उन शीर्ष कमांडरों में शामिल था, जिन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले की योजना तैयार की थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को गाजा में इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमले में अल-हद्दाद मारा गया। इजरायली आर्मी का कहना है कि वह हमास का प्रमुख सैन्य रणनीतिकार था और उसने दक्षिणी इजरायल पर हुए हमले को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था।
मोहम्मद सिनवार के बाद संभाली थी कमान
बताया जा रहा है कि मोहम्मद सिनवार की मौत के बाद अल-हद्दाद ने हमास की मिलिट्री विंग की कमान संभाली थी। इजरायल ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने युद्ध के दौरान कई बार इजरायली बंधकों को मानव ढाल की तरह इस्तेमाल किया।
पत्नी और बेटी की भी मौत
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस एयरस्ट्राइक में अल-हद्दाद के साथ उसकी पत्नी और बेटी समेत कुल 6 अन्य लोगों की भी मौत हुई है। उसके दो बेटों की मौत पहले ही इजरायल-हमास संघर्ष के दौरान हो चुकी थी। शनिवार को गाजा में उसे दफनाया गया, जहां उसका जनाजा हमास और फिलिस्तीन के झंडों में लिपटा हुआ दिखाई दिया।
सीजफायर के बीच फिर बढ़ा तनाव
इजरायल और हमास के बीच लागू सीजफायर पहले से ही बेहद नाजुक स्थिति में है। दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर संघर्षविराम तोड़ने के आरोप लगा रहे हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक 850 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अल-हद्दाद की मौत को इजरायल की बड़ी सैन्य सफलता माना जा रहा है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हिंसा और बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
written by: ekta verma



