UP News : यूपी में पीएम पोषण योजना से 1.46 करोड़ बच्चों को मिल रहा पौष्टिक भोजन, शिक्षा और संस्कार को मिल रही मजबूती
UP News : उत्तर प्रदेश में पीएम पोषण योजना के तहत 1.46 करोड़ बच्चों को पौष्टिक भोजन मिल रहा है। योगी सरकार योजना के जरिए पोषण, शिक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दे रही है।
UP News : Yogi Adityanath सरकार की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना उत्तर प्रदेश में बच्चों के पोषण, शिक्षा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का बड़ा माध्यम बन रही है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Sandeep Singh ने कहा कि प्रदेश के करीब 1.42 लाख राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 1.46 करोड़ से अधिक बच्चों को प्रतिदिन गर्म, ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूती मिल रही है, वहीं विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए यह योजना शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
संदीप सिंह ने बताया कि योजना के तहत विभिन्न वर्गों और समुदायों के बच्चे एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, जिससे सामाजिक समरसता और “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश में 3.53 लाख से अधिक रसोइयां बच्चों के लिए स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार कर रही हैं। सरकार ने इन्हें ‘पोषण प्रहरी’ की नई पहचान दी है।
योगी सरकार रसोइयों को केंद्र सरकार के मानदेय के अतिरिक्त 1000 रुपये की अतिरिक्त सहायता और 500 रुपये परिधान मद में दे रही है। साथ ही 93 प्रतिशत से अधिक रसोइयों को आयुष्मान भारत योजना से भी जोड़ा गया है।
सरकार द्वारा योजना में गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रसोइयों को नियमित प्रशिक्षण देकर खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न जिलों में ‘रसोइया पाक-कला प्रतियोगिताओं’ का आयोजन कर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जा रहा है।



