Twisha Sharma Case : ‘त्विषा शर्मा केस में बड़ा अपडेट’, आरोपी समर्थ सिंह की कस्टडी CBI को सौंपी गई, नई FIR दर्ज
Twisha Sharma Case : त्विषा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट। आरोपी समर्थ सिंह की कस्टडी CBI को सौंपी गई। एजेंसी ने नई FIR दर्ज कर जांच शुरू की। भोपाल पहुंची CBI टीम ने जुटाए साक्ष्य।
Twisha Sharma Case : पूर्व मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा मौत मामले में जांच अब पूरी तरह केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में आ गई है। मामले के मुख्य आरोपी और त्विषा के पति समर्थ सिंह की कस्टडी बुधवार को आधिकारिक तौर पर CBI को सौंप दी गई। एजेंसी ने मामले में नई FIR दर्ज करते हुए जांच तेज कर दी है।
त्विषा के परिवार की ओर से पैरवी कर रहे वकील अंकुर पांडे ने बताया कि संबंधित मजिस्ट्रेट अदालत ने पहले समर्थ सिंह को 29 मई तक सात दिन की रिमांड पर भेजा था। लेकिन राज्य सरकार द्वारा CBI जांच को मंजूरी दिए जाने के बाद एजेंसी ने नया मामला दर्ज किया और अब पूरी जांच CBI के अधिकार क्षेत्र में आ गई है।
CBI कोर्ट में होगी आगे की सुनवाई
वकील अंकुर पांडे ने कहा कि अब यदि जरूरत पड़ी तो CBI संबंधित विशेष अदालत से आगे की रिमांड की मांग कर सकती है। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं अब CBI अदालत में चलेंगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आरोपी गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को चुनौती देते हुए राज्य पक्ष और पीड़ित परिवार ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल की हैं। परिवार का आरोप है कि निचली अदालत ने कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया।
भोपाल में त्विषा के ससुराल पहुंची थी CBI टीम
CBI की विशेष अपराध इकाई की टीम मंगलवार को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित त्विषा शर्मा के ससुराल पहुंची थी। टीम के साथ महिला अधिकारी भी मौजूद थीं। इस दौरान मीडिया कर्मियों की भारी भीड़ मौके पर मौजूद रही, हालांकि किसी को घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
इसके बाद CBI टीम पुराने भोपाल के शाहजहानाबाद स्थित आर्मी कैंटोनमेंट कुरुक्षेत्र मैस भी पहुंची, जहां त्विषा के परिजन ठहरे हुए हैं। एजेंसी फिलहाल मामले से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रही है।
12 मई को ससुराल में मिला था शव
गौरतलब है कि 12 मई को त्विषा शर्मा का शव भोपाल स्थित ससुराल में कथित तौर पर फंदे से लटका मिला था। इसके बाद परिवार ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए थे।
CBI ने राज्य पुलिस द्वारा दर्ज मामले को अपने स्तर पर फिर से दर्ज किया है। एजेंसी ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु), धारा 85 (पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले पर देशभर की नजर
त्विषा शर्मा केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सोशल मीडिया से लेकर कानूनी हलकों तक इस मामले को लेकर चर्चा तेज है। अब CBI जांच शुरू होने के बाद परिवार को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।



