IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी पर पाकिस्तान में भी प्यार और प्रशंसा की बारिश, मोहम्मद यूसुफ ने बताया ‘यंग अफरीदी’

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाज़ी की चर्चा अब पाकिस्तान तक पहुंच गई है। पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने उनकी तुलना शाहिद अफरीदी से की है।

IPL 2026: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से तहलका मचाने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी चर्चा का विषय बन चुके हैं। 15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज़ की प्रतिभा और निडर अंदाज़ ने क्रिकेट जगत के दिग्गजों को प्रभावित किया है।

भारत में जहां सचिन तेंदुलकर, क्रिस गेल और कई पूर्व क्रिकेटरों ने वैभव की जमकर तारीफ की, वहीं अब पाकिस्तान से भी उनके लिए सराहना सामने आई है।

मोहम्मद यूसुफ ने की शाहिद अफरीदी से तुलना

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज़ मोहम्मद यूसुफ ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए उनकी तुलना पाकिस्तान के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज़ शाहिद अफरीदी से कर दी।

यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा:

“15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी मुझे युवा शाहिद अफरीदी की याद दिलाते हैं। निडर, विस्फोटक और ऊर्जा से भरपूर। वैभव का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।”

यूसुफ का यह बयान तेजी से वायरल हो गया और दोनों देशों के क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर बंटी राय

हालांकि कई लोगों ने इसे वैभव के लिए बड़ी तारीफ माना, लेकिन कुछ भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को शाहिद अफरीदी से तुलना पसंद नहीं आई।

एक सोशल मीडिया यूजर अभिनव राजपूत ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि वैभव की बल्लेबाज़ी तकनीक, निरंतरता और मैच कंट्रोल अफरीदी से अलग और ज्यादा परिपक्व नजर आता है। उन्होंने कहा कि अफरीदी मुख्य रूप से एक गेंदबाज़ थे, जबकि वैभव की बल्लेबाज़ी में लंबी रेस का दम दिखता है।

पाकिस्तान से भी आई संतुलित प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के वरिष्ठ खेल पत्रकार अब्दुल गफ्फार ने भी वैभव की प्रतिभा को स्वीकार किया, लेकिन साथ ही सावधानी बरतने की सलाह दी।

उन्होंने लिखा:

“घरेलू और आईपीएल क्रिकेट में वैभव जो कर रहे हैं, वह प्रभावशाली है, लेकिन असली परीक्षा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में होगी। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका औसत अभी सिर्फ 17 है। टैलेंट साफ दिखाई देता है, लेकिन तकनीक, निरंतरता और दबाव झेलने की क्षमता का असली टेस्ट अभी बाकी है।”

IPL 2026: मानसिक तनाव में हार्दिक पंड्या, मुंबई इंडियंस छोड़ने का बना चुके हैं मन! IPL 2026 के बाद बड़ा फैसला संभव

दुनिया भर में हो रही चर्चा

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी और बड़े शॉट्स से क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा है। कम उम्र में जिस आत्मविश्वास और मैच फिनिशिंग क्षमता का प्रदर्शन उन्होंने किया है, उसने उन्हें भविष्य का बड़ा स्टार बना दिया है।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैभव इसी तरह लगातार प्रदर्शन करते रहे तो आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट टीम के बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।

फिलहाल वैभव सूर्यवंशी की चर्चा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि पाकिस्तान समेत दुनिया भर में उनके नाम की गूंज सुनाई देने लगी है।

Written By: Ekta Verma

Related Articles

Back to top button