Twisha Sharma Case: सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह 2 जून तक CBI रिमांड पर, जिस कोर्ट में रहीं जज वहीं हुई पेशी
ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई
Twisha Sharma Case: चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को 2 जून तक CBI रिमांड पर भेज दिया गया।
CBI अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर मामले की कई अहम कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी। ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
लंबी पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, CBI ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को 28 मई को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। वहीं ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह घटना के बाद से फरार बताए जा रहे थे। बाद में उन्होंने अदालत में सरेंडर किया था।
शुक्रवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां जांच एजेंसी ने रिमांड की मांग की। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को पांच दिन की CBI हिरासत में भेज दिया।
जिस कोर्ट में थीं जज, वहीं आरोपी बनकर पहुंचीं गिरिबाला सिंह
इस मामले की सबसे चर्चित बात यह रही कि गिरिबाला Singh को उसी अदालत में पेश किया गया, जहां वे कभी न्यायाधीश के पद पर कार्य कर चुकी थीं। सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर में भारी भीड़ देखने को मिली।
सूत्रों के मुताबिक सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने CBI अधिकारियों से बहस भी की। जब उन्होंने मामले से इतर बातें उठानी शुरू कीं तो अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। कुछ देर के लिए अदालत का माहौल तनावपूर्ण भी हो गया।
Twisha Sharma Case: 12 मई की रात क्या हुआ था? CBI करेगी WhatsApp कॉल, दहेज और मारपीट एंगल की जांच
रिमांड के दौरान कई अहम खुलासों की उम्मीद
CBI अब रिमांड के दौरान गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से अलग-अलग और आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश थी।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई प्रोफाइल केस में कई नए खुलासे हो सकते हैं।
12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी ट्विशा की लाश
पूर्व मॉडल और मिस पुणे रह चुकी ट्विशा शर्मा की 12 मई 2026 की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उनका शव भोपाल स्थित ससुराल के टेरेस पर फंदे से लटका मिला था।
ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंपी गई थी।



