Twisha Sharma Death Case: डमी के साथ गिरिबाला सिंह के घर पहुंची CBI, आज होगा क्राइम सीन रीक्रिएशन
फंदे से उतारने से लेकर आखिरी पलों तक की कड़ी जोड़ेगी जांच एजेंसी, पति समर्थ और सास गिरिबाला सिंह रहेंगे मौजूद
Twisha Sharma Death Case: चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई (CBI) अब इस केस के सबसे महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। जांच एजेंसी आज ट्विशा शर्मा की डमी के साथ घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी। इस प्रक्रिया के जरिए सीबीआई उन सवालों के जवाब तलाशने का प्रयास करेगी, जो अब तक जांच के केंद्र में बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम आरोपी पति समर्थ सिंह और पूर्व जज सास गिरिबाला सिंह की मौजूदगी में घटनास्थल पर पूरी घटना का पुनर्निर्माण करेगी। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और घर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।
किन सवालों के जवाब तलाशेगी CBI?
क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान सीबीआई यह समझने की कोशिश करेगी कि ट्विशा शर्मा को कथित तौर पर फंदे से किस प्रकार नीचे उतारा गया था। जांच एजेंसी यह भी जानना चाहती है कि घटना के बाद पति समर्थ सिंह उन्हें कहां लेकर गए और उस समय घर में कौन-कौन मौजूद था।
इसके अलावा जांचकर्ता घटना के आखिरी पलों का क्रमवार विश्लेषण करेंगे, ताकि आरोपियों के बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के बीच किसी भी प्रकार के विरोधाभास की पहचान की जा सके।
डमी के जरिए होगा घटनाक्रम का पुनर्निर्माण
सीबीआई टीम ट्विशा की डमी का इस्तेमाल कर उस स्थान पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराएगी, जहां उनका शव कथित तौर पर फंदे से लटका मिला था। इस दौरान फंदे से नीचे उतारने, शव को स्थानांतरित करने और घटना के बाद की गतिविधियों को विस्तार से जांचा जाएगा।
जांच एजेंसी आरोपियों द्वारा अब तक दिए गए बयानों का मिलान फॉरेंसिक साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक डेटा से भी करेगी।
रिमांड पर हैं गिरिबाला और समर्थ
गौरतलब है कि इस मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को सीबीआई रिमांड पर भेजा गया है। सीबीआई दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
पूर्व मॉडल और मिस पुणे रह चुकी ट्विशा शर्मा का शव 12 मई 2026 की रात उनके ससुराल स्थित मकान की छत पर फंदे से लटका हुआ मिला था। मामले में दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के आरोप लगाए गए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार किया गया था, जबकि 28 मई को सीबीआई ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
अब क्राइम सीन रीक्रिएशन को इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से घटना की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और सच्चाई तक पहुंचने में मदद मिलेगी।



