Bharat Bhhagya Viddhaata: दिल्ली में टैक्स फ्री हुई कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’, CM रेखा गुप्ता ने की तारीफ

26/11 मुंबई हमले के गुमनाम नायकों पर आधारित फिल्म को दिल्ली सरकार का बड़ा समर्थन, मुख्यमंत्री बोलीं- हर नागरिक में बसती है देशभक्ति।

Bharat Bhhagya Viddhaata: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ रिलीज से पहले ही चर्चा का केंद्र बन गई है। 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म को दिल्ली सरकार ने बड़ा तोहफा देते हुए टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखने के बाद इसकी सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म देशभक्ति, सेवा और साहस की भावना को नए अंदाज में प्रस्तुत करती है।

दिल्ली में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य लोग मौजूद रहे। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ‘भारत भाग्य विधाता’ को दिल्ली में टैक्स फ्री किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रेरणादायक कहानी को देख सकें।

कंगना रनौत की तारीफ में क्या बोलीं रेखा गुप्ता?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कंगना रनौत सिर्फ एक सफल अभिनेत्री ही नहीं बल्कि संसद में भी एक मजबूत और मुखर आवाज हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म बताती है कि देशभक्ति केवल सेना या पुलिस की वर्दी तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिक भी अपने साहस और समर्पण से देश की सेवा कर सकते हैं।

कंगना रनौत ने भी दिल्ली सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह फिल्म उन गुमनाम नायकों को समर्पित है, जिनकी बहादुरी और सेवा को अक्सर पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाती।

क्या है ‘भारत भाग्य विधाता’ की कहानी?

मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में कामा अस्पताल के उन कर्मचारियों की कहानी दिखाई गई है, जिन्होंने आतंकवादी हमलों के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 400 लोगों की जान बचाई थी।

फिल्म में नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों और लिफ्ट ऑपरेटरों के अदम्य साहस को दर्शाया गया है। यही वजह है कि फिल्म को देशभक्ति और मानवता की भावना को समर्पित एक प्रेरणादायक सिनेमाई प्रस्तुति माना जा रहा है।

Entertainment Update: सिनेमाघरों के बाद OTT पर दस्तक देने को तैयार सूर्या की ‘करप्पू’, जानें रिलीज डेट

स्टार कास्ट

फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव और ईशा डे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म को डॉ. जयंतीलाल गड़ा प्रस्तुत कर रहे हैं।

फिल्म के टैक्स फ्री होने के बाद अब दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ दर्शकों के दिलों पर भी गहरी छाप छोड़ेगी।

Written By: Ekta Verma

Related Articles

Back to top button