Lucknow News: आजम खान ने अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने का किया समर्थन, बोले- राम जी ने बुलाया है तो मत टकराइए
Lucknow News: Azam Khan supports Akhilesh Yadav’s visit to the Ram Mandir, says—if Lord Ram has extended an invitation, do not resist.
Lucknow News:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने की चर्चा के बीच वरिष्ठ सपा नेता आजम खान का बयान सामने आया है। उन्होंने अखिलेश यादव के मंदिर जाने का समर्थन करते हुए कहा कि किसी को भी उनके इस फैसले पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। आजम खान ने कहा कि जब राम जी ने बुलाया है तो उनसे टकराना नहीं चाहिए।
एबीपी न्यूज़ को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में आजम खान से पूछा गया कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन करने को लेकर उनकी क्या राय है। इस पर उन्होंने कहा कि अखिलेश हिंदू हैं, ऐसे में किसी हिंदू को मंदिर जाने से कैसे रोका जा सकता है? उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव एक बार नहीं, बल्कि हजार बार मंदिर जाएं और पूरे मन से पूजा-पाठ करें।
आजम खान ने अपनी बात रखते हुए कहा, “हमारे यहां कहा जाता है कि तब जाएंगे, तब जाएंगे। राम जी ने अब बुलाया है। मालिक से मत टकराइए।” उन्होंने यह भी कहा कि बाबरी एक्शन कमेटी के संयोजक रहते हुए प्रस्ताव पारित किया गया था कि अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का जो भी निर्णय होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। उनके मुताबिक, देश का मुसलमान भी अदालत के फैसले का सम्मान करता है।
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर क्या बोले आजम खान?
सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर उठ रहे सवालों पर आजम खान ने किसी तरह के मतभेद से इनकार किया। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव जब उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे, उस दौरान कांग्रेस की सीटों से जुड़ी सूची भी उनके पास थी। बातचीत में गठबंधन को बनाए रखने पर सहमति की बात हुई थी।
आजम खान ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्रीय दलों को अधिक नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि विपक्षी एकता के लिए सहयोग और आपसी तालमेल जरूरी है।
ओवैसी पर साधा निशाना, चंद्रशेखर को बताया छोटा भाई
मुस्लिम राजनीति पर बातचीत के दौरान आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान उनके साथ मजबूती से खड़ा है। ओवैसी को अपने गृह राज्य में राजनीतिक मेहनत करने की सलाह देते हुए आजम ने कहा कि अगर वह वहां इसी तरह प्रयास करें तो मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं।
वहीं, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को उन्होंने अपना छोटा भाई बताया। आजम खान ने आरोप लगाया कि ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की राजनीति को नुकसान पहुंचाया है। उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में मंदिर दर्शन, विपक्षी गठबंधन और मुस्लिम राजनीति को लेकर चर्चा तेज हो सकती है।
Read Also-Winter Dust: सर्दियों में घर की सफाई के बाद भी लौट आती है धूल, इन जगहों को साफ करना न भूलें



