adevertisment Adevertiisment banner

UP News : ‘आर्थिक अपराधियों पर कसेगा शिकंजा’, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश – दोषियों को हर हाल में सजा दिलाएं: मुख्यमंत्री योगी

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ईओडब्ल्यू को तीन माह के भीतर जांच पूरी करने, दोषियों को सजा दिलाने और आधुनिक तकनीक से जांच मजबूत करने को कहा गया है।**

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) को जांच और कार्रवाई को अधिक प्रभावी, त्वरित एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी, जालसाजी, गबन, पोंजी स्कीम और अन्य आर्थिक अपराधों में शामिल दोषियों के खिलाफ समयबद्ध और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंगलवार को ईओडब्ल्यू की कार्यप्रणाली और प्रगति की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने लंबित जांच, विवेचनाओं, गिरफ्तारी, अभियोजन और जनजागरूकता अभियानों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आर्थिक अपराध केवल सरकारी संसाधनों को नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि आम नागरिकों के विश्वास को भी चोट पहुंचाते हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषसिद्धि सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में 31 मई तक संगठन द्वारा 155 जांच, विवेचना और अनुवर्ती मामलों का निस्तारण किया गया है, जबकि 71 आरोपियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने पुराने मामलों के शीघ्र निस्तारण और वांछित अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन मामलों में पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं, उनमें अभियोजन प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने मजबूत पैरवी, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में केस मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म मामलों के ऑनलाइन प्रबंधन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और डैशबोर्ड आधारित निगरानी की सुविधा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी जांच अधिकारी किसी मामले को तीन माह से अधिक समय तक लंबित न रखे। साथ ही देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक अपराधों के बदलते स्वरूप को देखते हुए जांच एजेंसियों को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाना जरूरी है। उन्होंने आधुनिक जांच तकनीकों के उपयोग और अधिकारियों के विशेष प्रशिक्षण पर भी जोर दिया।

आधुनिक तकनीक और जागरूकता से रुकेगी आर्थिक ठगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पोंजी स्कीम, मल्टीलेवल मार्केटिंग, चिटफंड घोटालों और साइबर फ्रॉड जैसे आर्थिक अपराधों के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को वित्तीय ठगी के नए तरीकों के प्रति सतर्क करना आवश्यक है। साथ ही ईओडब्ल्यू को आधुनिक तकनीक, डिजिटल फॉरेंसिक और विशेष प्रशिक्षण से लैस करने पर भी जोर दिया, ताकि आर्थिक अपराधों की जांच अधिक प्रभावी ढंग से की जा सके।

Related Articles

Back to top button