Sonu Nigam Health Update: ‘गले की नस दब गई, हिलना भी मुश्किल’, दर्द में भी कॉन्सर्ट करेंगे सोनू निगम, फैंस से मांगी दुआ
सोनू निगम ने वीडियो शेयर कर बताया कि वह पिछले एक हफ्ते से ‘पिन्च्ड नर्व’ की समस्या से परेशान हैं। दवाओं और फिजियोथेरेपी के बावजूद उन्होंने फैंस के लिए लाइव परफॉर्म करने का फैसला लिया है।
Sonu Nigam Health Update: बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम ने अपनी सेहत को लेकर ऐसा खुलासा किया है जिसने उनके करोड़ों प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में सोनू ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से ‘पिन्च्ड नर्व’ (Pinched Nerve) यानी नस दबने की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। इस वजह से उन्हें तेज दर्द का सामना करना पड़ रहा है और सामान्य रूप से हिलना-डुलना भी मुश्किल हो गया है।
सोनू निगम ने बताया कि समस्या की गंभीरता को समझने के लिए उन्होंने कई मेडिकल जांच करवाई हैं, जिनमें एमआरआई और सीटी स्कैन भी शामिल हैं। डॉक्टरों की सलाह पर वह लगातार फिजियोथेरेपी ले रहे हैं, लेकिन यह प्रक्रिया काफी दर्दनाक साबित हो रही है। दर्द को नियंत्रित करने के लिए उन्हें पेनकिलर और मसल्स रिलैक्सेंट दवाइयों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सिंगर ने यह भी बताया कि इन दवाओं का असर उनकी आवाज पर भी पड़ा है। गला भारी होने के कारण गायन में दिक्कत महसूस हो रही है, जो किसी भी लाइव परफॉर्मर के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसके बावजूद उन्होंने अपने आगामी कॉन्सर्ट को रद्द न करने का फैसला लिया है।
वीडियो में सोनू निगम ने कहा कि वह लंबे समय बाद अपने प्रशंसकों के बीच लाइव प्रस्तुति देने जा रहे हैं और किसी भी कीमत पर उन्हें निराश नहीं करना चाहते। उन्होंने अपने फैंस से उनके लिए दुआ करने की अपील की ताकि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर पहले की तरह गा सकें।
सोनू निगम की इस हिम्मत और पेशे के प्रति समर्पण की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। हजारों प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और उनके जज्बे को प्रेरणादायक बता रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि इतनी तकलीफ के बावजूद मंच पर लौटने का उनका फैसला उनकी प्रोफेशनल कमिटमेंट को दर्शाता है।
Sonu Nigam live show: सोनू निगम के शो में पत्थरबाजी, सुरक्षा की चूक पर सवाल उठे
फिलहाल सोनू निगम इलाज और फिजियोथेरेपी के साथ अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं। उनके प्रशंसकों को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपनी मधुर आवाज से फिर सभी का दिल जीतेंगे।
Written By: Ekta Verma



