adevertisment Adevertiisment banner

UP News : CM Yogi ने 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- ड्यूटी पर रील नहीं, रिजल्ट दिखाइए

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस के 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि नौकरी बिना सिफारिश मिली है, इसलिए ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाएं और ड्यूटी के दौरान रील बनाने से बचें।

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने वाले “डिजिटल वॉरियर्स” हैं और उन्हें पूरी ईमानदारी, अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

ड्यूटी पर रील नहीं, काम से बनाएं पहचान

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाने जैसी गतिविधियों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए जिससे उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि प्रभावित हो। उन्होंने नवचयनित कर्मियों से कहा कि उनकी पहचान सोशल मीडिया नहीं, बल्कि उनके कार्य और परिणाम से होनी चाहिए।

स्मार्ट पुलिसिंग में होगी अहम भूमिका

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के इस दौर में कंप्यूटर ऑपरेटरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने उन्हें “डिजिटल वॉरियर्स” बताते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा, डेटा प्रबंधन और स्मार्ट पुलिसिंग को मजबूत बनाने में उनका योगदान निर्णायक रहेगा।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में बिना भेदभाव और बिना किसी सिफारिश के करीब 2.25 लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई है। भर्ती के साथ पुलिस प्रशिक्षण और आधारभूत सुविधाओं में भी व्यापक सुधार किए गए हैं।

कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा पर जोर

योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में केवल चार फॉरेंसिक लैब थीं, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इसके अलावा सभी 75 जिलों में साइबर थाने और साइबर हेल्प डेस्क स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा की कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

Back to top button