UP News : जानिये कौन है राजेन्द्र पाल गौतम, जिन्हें कांग्रेस ने बनाया यूपी का नया प्रभारी
UP News : कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया एआईसीसी प्रभारी बनाया। जानिए 2027 चुनाव से पहले इस फैसले के राजनीतिक मायने।
UP News : कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए नए प्रभारियों और पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। पार्टी ने पूर्व दिल्ली मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया एआईसीसी प्रभारी नियुक्त किया है। वह अविनाश पांडे की जगह लेंगे।
कांग्रेस के इस फैसले को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि दलित चेहरे के रूप में राजेंद्र पाल गौतम की नियुक्ति से उत्तर प्रदेश में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और दलित वोट बैंक में पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।
आम आदमी पार्टी की सरकार में रह चुके मंत्री
राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। वर्तमान में वह कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पिछले कुछ महीनों से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति में लगातार सक्रिय रहे हैं।
कांग्रेस ने संगठनात्मक बदलाव के तहत संजय दत्त को हरियाणा का एआईसीसी प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं बी.के. हरिप्रसाद को कर्नाटक कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। लालजी देसाई को ओडिशा का नया प्रभारी और बी.वी. श्रीनिवास को कांग्रेस सेवा दल का मुख्य आयोजक नियुक्त किया गया है।
विधानसभा चुनाव पर नजर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर यह संगठनात्मक बदलाव किया है। उत्तर प्रदेश में राजेंद्र पाल गौतम की नियुक्ति को दलित समाज के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।



