Bollywood News: लंदन में अपनी चमक बिखेरेंगी नेहा धूपिया
Bollywood News: Neha Dhupia to dazzle in London.
Bollywood News:अभिनेत्री नेहा धूपिया अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म ’52 ब्लू’ के साथ वैश्विक मंच पर नई शुरुआत करने जा रही हैं। मिस्र के निर्देशक अली अल अरबी की इस फिल्म का यूरोपीय प्रीमियर 9 जुलाई 2026 को बीएफआई साउथबैंक में आयोजित होने वाले लंदन फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के साथ होगा। फिल्म का ट्रेलर और पहली झलक पहले ही दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर चुके हैं, वहीं नेहा के अभिनय की भी जमकर सराहना हुई है।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए नेहा धूपिया ने कहा कि ’52 ब्लू’ उनके लिए बेहद खास फिल्म है, क्योंकि यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि लंदन फिल्म फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित मंच पर फिल्म का प्रदर्शन किसी सपने के सच होने जैसा है। नेहा ने इसे पूरी टीम के लिए सम्मान बताया और कहा कि आदिल हुसैन सहित सभी प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ इस उपलब्धि को साझा करना उनके लिए यादगार अनुभव है। उन्होंने लंदन में दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने को लेकर भी उत्साह व्यक्त किया।
फिल्म ’52 ब्लू’ फीफा विश्व कप 2022 की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक भारतीय प्रवासी मजदूर के संघर्ष व उसके परिवार की भावनात्मक यात्रा को दिखाती है। फिल्म में फुटबॉल महानायक लियोनल मेसी की मौजूदगी भी इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास बनाती है। नेहा धूपिया इसमें एक ऐसे बच्चे की मां की भूमिका निभा रही हैं, जो मेसी का बड़ा प्रशंसक है और उनसे मिलने का सपना देखता है। फिल्म भावनात्मक रिश्तों, संघर्ष और उम्मीद की कहानी को प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर पेश करती है।


