UP News : CM योगी लॉन्च करेंगे मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना, 12 लाख शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज
UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना की शुरुआत करेंगे। 12 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज मिलेगा। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों को DBT के जरिए ₹1320 करोड़ भेजे जाएंगे।
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, रसोइये और अन्य पात्र कार्मिकों के साथ उनके परिवारों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री परिषदीय विद्यालयों के 1.10 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ₹1320 करोड़ की धनराशि भी हस्तांतरित करेंगे। इसी समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच सामाजिक सुरक्षा संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रति परिवार ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
नई योजना के तहत बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (CWSN), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डेन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइये और अन्य पात्र कार्मिक शामिल होंगे।
योजना में प्रति शिक्षक ₹3000 का वार्षिक प्रीमियम राज्य सरकार वहन करेगी। इस पर सरकार का लगभग ₹447 करोड़ का वार्षिक व्यय होगा।
लाभार्थियों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रति परिवार ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। योजना में लगभग 1900 उपचार पैकेज शामिल किए गए हैं, जिनमें सामान्य उपचार के साथ हृदय रोग, कैंसर, किडनी रोग, जटिल सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रतीकात्मक रूप से शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित करेंगे।
1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों को मिलेगा ₹1320 करोड़
शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में राज्य सरकार 1 करोड़ 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में ₹1320 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजेगी।
यह धनराशि विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, स्वेटर, जूते-मोजे और स्टेशनरी खरीदने के लिए दी जाएगी, जिससे अभिभावकों को समय पर शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
शिक्षा विभाग और SBI के बीच होगा सामाजिक सुरक्षा समझौता
समारोह के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच सामाजिक सुरक्षा संबंधी एमओयू का आदान-प्रदान भी होगा।
इस समझौते के तहत लगभग 10 लाख शिक्षक एवं अन्य कार्मिक समूह जीवन बीमा, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, स्थायी एवं आंशिक दिव्यांगता कवर, एयर एक्सीडेंट कवर तथा आकस्मिक परिस्थितियों में बच्चों की शिक्षा और पुत्रियों के विवाह के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता जैसी सुविधाओं से जुड़ेंगे।
जिन कर्मचारियों के वेतन खाते पहले से SBI में हैं, उन्हें इन सुविधाओं का लाभ स्वतः मिलेगा। अन्य पात्र कार्मिक भी बैंक में वेतन खाता खोलकर इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छ एवं हरित विद्यालय (SHVR) योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 12 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान विद्यालयों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, शौचालय, हाथ धुलाई और बेहतर विद्यालयी वातावरण विकसित करने के उत्कृष्ट प्रयासों के लिए दिया जाएगा।



