Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में इस्तीफों की झड़ी! चंपत राय-अनिल मिश्रा के बाद 23 कर्मचारियों ने छोड़ी नौकरी

चढ़ावा गिनने वाले 23 गणना कर्मियों के सामूहिक इस्तीफे से राम मंदिर प्रशासन की बढ़ी चिंता, काम का दबाव और वेतन को बताया वजह।

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बीच अब एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मंदिर के दानपात्र में आने वाले चढ़ावे की गणना करने वाले 23 गणना कर्मियों ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इससे मंदिर प्रशासन के सामने चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है।

बताया जा रहा है कि इन इस्तीफों के बाद अब चढ़ावे की गणना के लिए केवल 13 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

क्यों दिया 23 कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा?

सूत्रों के मुताबिक, कर्मचारियों ने अपने इस्तीफे की मुख्य वजह काम का बढ़ता दबाव, लंबी ड्यूटी, वेतन संबंधी शिकायतें और सुविधाओं में कटौती को बताया है।

कर्मचारियों का कहना है कि पहले चढ़ावे की गिनती का कार्य दो शिफ्टों में होता था। लेकिन चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद कई कर्मचारियों को हटा दिया गया, जिसके बाद दोनों शिफ्टों का काम एक ही शिफ्ट में समेट दिया गया।

इस बदलाव के कारण कर्मचारियों की ड्यूटी पहले की 6 घंटे से बढ़ाकर 9 घंटे कर दी गई, जिससे कार्यभार काफी बढ़ गया।

वेतन और छुट्टियों को लेकर भी नाराजगी

इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि उनके वेतन ढांचे में भी बदलाव किया गया है। पहले उन्हें हर महीने लगभग 14,755 रुपये मेहनताना मिलता था, लेकिन बाद में भुगतान की व्यवस्था बदल दी गई। इसके अलावा कर्मचारियों का कहना है कि उनकी छुट्टियों की संख्या भी कम कर दी गई, जिससे असंतोष और बढ़ गया।

पहले शिकायत, फिर सामूहिक इस्तीफा

जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों ने सीधे इस्तीफा देने से पहले अपनी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की थी।

Ayodhya Ram Mandir: ‘इस्तीफे का कोई मतलब नहीं’, चंपत राय के इस्तीफे पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा हमला

उन्होंने अपनी मांगों और समस्याओं का लिखित ज्ञापन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के अधिकारियों, अयोध्या प्रशासन और मंदिर परिसर में स्टाफिंग व सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली एजेंसी सैनिक सिक्योरिटी के प्रबंधन को सौंपा था।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी, लेकिन जब कोई ठोस समाधान नहीं निकला तो उन्होंने सामूहिक रूप से नौकरी छोड़ने का फैसला किया।

जल्द शुरू होगी नई भर्ती

23 कर्मचारियों के इस्तीफे के बाद अब राम मंदिर ट्रस्ट और संबंधित एजेंसियां नए गणना कर्मियों की भर्ती की तैयारी में जुट गई हैं। बताया जा रहा है कि चढ़ावे की गिनती का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए जल्द ही नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

फिलहाल, बचे हुए 13 कर्मचारियों के माध्यम से व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

चढ़ावा चोरी मामले के बाद बढ़ी सख्ती

गौरतलब है कि हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी मामले के बाद राम मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया है। इसी क्रम में कार्यप्रणाली में कई बदलाव किए गए, जिनके बाद कर्मचारियों के बीच असंतोष बढ़ने की बात सामने आई है। अब 23 कर्मचारियों के सामूहिक इस्तीफे ने इस पूरे मामले को नई चर्चा का विषय बना दिया है।

Related Articles

Back to top button