Twisha Sharma Death Case: AIIMS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, जिम्नास्टिक बेल्ट पर मिले स्किन टिश्यू का गले के निशानों से हुआ मिलान

सीलबंद फॉरेंसिक रिपोर्ट में कथित जिम्नास्टिक बेल्ट, स्किन टिश्यू और गले के निशानों के वैज्ञानिक विश्लेषण ने जांच को नई दिशा दी, अब CBI रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Twisha Sharma Death Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है। दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) के मेडिकल बोर्ड ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को इस मामले से जुड़ी 11 पन्नों की फॉरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में जांच एजेंसी को सौंपा गया है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में कई ऐसे वैज्ञानिक निष्कर्ष दर्ज हैं जो मामले की जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, एम्स की लैब और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच पूरी होने के बाद मेडिकल बोर्ड ने घटना में इस्तेमाल की गई कथित जिम्नास्टिक बेल्ट का भी विस्तृत परीक्षण किया। जांच के दौरान बेल्ट पर त्वचा के ऊतक (स्किन टिश्यू) मिलने की पुष्टि हुई। फॉरेंसिक विश्लेषण में इन स्किन टिश्यू का मिलान ट्विशा शर्मा के गले और शरीर पर मिले निशानों से किया गया, जिसमें समानता पाई गई। जांच एजेंसियां इस निष्कर्ष को महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में देख रही हैं।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित जिम्नास्टिक बेल्ट में लगी धातु की रिंग (मेटल रिंग) का अलग से परीक्षण किया गया। मेडिकल बोर्ड ने यह जानने का प्रयास किया कि शरीर पर मिले चोटों और निशानों का संबंध बेल्ट की बनावट और उसके उपयोग के तरीके से किस प्रकार जुड़ता है। इन सभी पहलुओं का तकनीकी और चिकित्सकीय विश्लेषण रिपोर्ट का हिस्सा बनाया गया है।

यह मामला उस समय और गंभीर हो गया था जब ट्विशा शर्मा के परिवार ने पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे। परिजनों का आरोप था कि पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को कथित जिम्नास्टिक बेल्ट उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण गले पर मिले निशानों और बेल्ट के बीच तुलना नहीं हो सकी। बाद में यह जानकारी सामने आई कि बेल्ट फॉरेंसिक टीम के कब्जे में थी, लेकिन समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाई थी। इसी विवाद के बाद अदालत के निर्देश पर एम्स दिल्ली के मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमॉर्टम और विशेषज्ञ जांच कराई गई।

गौरतलब है कि नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के करीब छह महीने बाद, 12 मई को वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। शुरुआती स्तर पर पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही थी, लेकिन परिवार ने दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

Twisha Sharma Death Case: डमी के साथ गिरिबाला सिंह के घर पहुंची CBI, आज होगा क्राइम सीन रीक्रिएशन

मामले में ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। बाद में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। अब एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद जांच एजेंसी वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष और किसी भी व्यक्ति की आपराधिक जिम्मेदारी का निर्धारण जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

Related Articles

Back to top button