India Palestine Turathi Centre: भारत-फिलिस्तीन ने ‘तुराथी’ सेंटर परियोजना को दी मंजूरी, महिलाओं के सशक्तिकरण को मिलेगा नया बल
5 मिलियन डॉलर की भारतीय सहायता से रामल्लाह में बनेगा राष्ट्रीय केंद्र, महिला उद्यमियों को मिलेगी ट्रेनिंग और बाजार तक पहुंच
India Palestine Turathi Centre: भारत और फिलिस्तीन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देते हुए दोनों देशों ने महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। फिलिस्तीन में भारत की प्रतिनिधि महिमा सिकंद और फिलिस्तीन के राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था मंत्री इंजीनियर मोहम्मद अल अमूर ने ‘तुराथी’ इंडिया-फिलिस्तीन सेंटर के निर्माण से जुड़े समझौता ज्ञापन (एमओयू) के संशोधित प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए। भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) की यह परियोजना फिलिस्तीनी महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
रामल्लाह में स्थापित होने वाला ‘तुराथी’ इंडिया-फिलिस्तीन सेंटर फिलिस्तीनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े उत्पादों और परियोजनाओं के विकास, संरक्षण और विपणन के लिए राष्ट्रीय केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इस परियोजना के माध्यम से महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को तकनीकी सहायता, व्यवसायिक प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी आय और रोजगार के अवसर बढ़ सकेंगे।
फिलिस्तीन स्थित भारतीय प्रतिनिधि कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि संशोधित समझौते से परियोजना के दूसरे और तीसरे चरण के कार्यान्वयन का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्यालय के अनुसार, भारत सरकार द्वारा पूरी तरह वित्तपोषित यह फ्लैगशिप परियोजना फिलिस्तीनी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय हस्तशिल्प और विरासत आधारित उद्योगों को भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

हस्ताक्षर समारोह के दौरान राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था मंत्री मोहम्मद अल अमूर ने इस आर्थिक और सांस्कृतिक पहल के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना फिलिस्तीन में आर्थिक सुधारों और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। साथ ही उन्होंने अपने मंत्रालय द्वारा किए जा रहे राष्ट्रीय सुधारों की जानकारी भी भारतीय प्रतिनिधि के साथ साझा की।
Bank Fraud India: 5 साल में ₹1.42 लाख करोड़ का बैंक फ्रॉड, रिकवरी सिर्फ ₹6,389 करोड़; 7,173 FIR दर्ज
वहीं, भारत की प्रतिनिधि महिमा सिकंद ने फिलिस्तीनी जनता और वहां के नेतृत्व के प्रति भारत के निरंतर और अटूट समर्थन को दोहराया। उन्होंने कहा कि ‘तुराथी’ सेंटर महिलाओं के कौशल विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। यह परियोजना भारत और फिलिस्तीन के बीच विकासात्मक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि भारत लंबे समय से ‘टू-स्टेट सॉल्यूशन’ का समर्थन करता रहा है और फिलिस्तीन के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को लगातार मजबूत कर रहा है। भारत स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण और बुनियादी ढांचे के विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में फिलिस्तीन को तकनीकी एवं मानवीय सहायता उपलब्ध कराता रहा है। ‘तुराथी’ सेंटर जैसी परियोजनाएं न केवल महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी, बल्कि दोनों देशों के बीच सहयोग और विश्वास को भी और मजबूत करेंगी।



