Ramayana Trailer Postponed: रिलीज से पहले बदला प्लान, अब ग्लोबल स्तर पर लॉन्च होगा ट्रेलर

24 जुलाई को रिलीज होने वाला 'रामायण' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर अंतिम समय में टाल दिया गया। निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म अब पहले से कहीं बड़े वैश्विक स्तर पर लॉन्च की जाएगी।

Ramayana Trailer Postponed: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 24 जुलाई को रिलीज होने वाला फिल्म का ट्रेलर अब तय तारीख पर लॉन्च नहीं होगा। इस फैसले की जानकारी खुद फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।

फिल्म का ट्रेलर पहले अमेरिका के प्रतिष्ठित San Diego Comic-Con इवेंट के दौरान लॉन्च किया जाना था, जहां नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, रणबीर कपूर और यश भी मौजूद थे। लेकिन ऐन वक्त पर ट्रेलर लॉन्च की योजना बदल दी गई।

ट्रेलर क्यों हुआ पोस्टपोन?

नमित मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि Sony Pictures Entertainment के साथ नई साझेदारी होने के बाद फिल्म की रिलीज रणनीति बदल गई है। अब ‘रामायण’ को केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में बड़े स्तर पर पेश किया जाएगा।

उन्होंने लिखा कि यह साझेदारी उनके उस सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है, जिसमें ‘रामायण’ को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना शामिल है। इसी वजह से ट्रेलर को भी अब किसी नई तारीख पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च किया जाएगा।

‘रामायण’ को मिलेगा हॉलीवुड जैसा ग्लोबल लॉन्च

नमित मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह एक गर्व का क्षण होगा, जब ‘रामायण’ जैसी भारतीय महागाथा को किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म की तरह पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस फिल्म के जरिए वैश्विक दर्शकों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और हमारी महान कथाओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने फिल्म का इंतजार कर रहे सभी प्रशंसकों और समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया।

Ramayana Trailer Launch: दिल्ली में दिखाया गया ट्रेलर, लेकिन आम दर्शकों के लिए रिलीज अभी बाकी

फिल्म की स्टार कास्ट

‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। निर्देशक नितेश तिवारी इस महत्वाकांक्षी फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।

अब कब आएगा ट्रेलर?

फिलहाल निर्माताओं ने ट्रेलर की नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, इतना साफ कर दिया गया है कि ट्रेलर अब वैश्विक स्तर पर एक बड़े लॉन्च इवेंट के जरिए जारी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button