Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र TET पेपर लीक का मास्टरमाइंड विजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार, जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे

ठाणे पुलिस ने बिहार से दबोचा आरोपी, छात्र आंदोलन के बीच पेपर लीक नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड विजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर महाराष्ट्र लाया गया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान पेपर लीक गिरोह और उससे जुड़े नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

जानकारी के मुताबिक, विजेंद्र कुमार गुप्ता लंबे समय से फरार था और जांच एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थीं। गिरफ्तारी के बाद उसे बिहार से हवाई मार्ग के जरिए पुणे एयरपोर्ट लाया गया, जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच भिवंडी ले जाया गया। पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड की मांग कर सकती है ताकि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा सके।

जांच अधिकारियों का कहना है कि विजेंद्र गुप्ता का नाम कई चर्चित पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। एक मीडिया स्टिंग ऑपरेशन में उसने कथित तौर पर पेपर लीक रैकेट के काम करने के तरीके और परीक्षा प्रणाली की कमजोरियों को लेकर कई दावे किए थे। अब पुलिस उन दावों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

प्रदेश सरकार से जारी शासनादेश के अनुसार मानकों का पालन प्रोमोटर व एजेंट सहित मीडिया हाउस से कराया जाएगा

छात्र आंदोलन के बीच हुई गिरफ्तारी

यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के कई हिस्सों में परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक मामलों के खिलाफ छात्र प्रदर्शन जारी हैं। CJP के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र लगातार पेपर लीक सिंडिकेट पर सख्त कार्रवाई, दोषियों की गिरफ्तारी और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग कर रहे हैं।

जांच एजेंसियों का मानना है कि विजेंद्र गुप्ता से पूछताछ के आधार पर कई अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। यदि ऐसा होता है तो महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले के साथ-साथ अन्य परीक्षा घोटालों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button