Pushkar Singh Dhami Paper Leak: UTU पेपर लीक मामले में प्रोफेसर गिरफ्तार, सीएम धामी बोले- नकल माफियाओं को नहीं बख्शेंगे
देहरादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोहराई जीरो टॉलरेंस नीति
Pushkar Singh Dhami Paper Leak: उत्तराखंड में भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के अभियान के तहत दून पुलिस ने उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली प्रेमनगर में परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि 8 जुलाई को आयोजित यूटीयू की सम-सेमेस्टर परीक्षा से पहले आरोपी ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र का मिलान करने पर साझा किए गए प्रश्नों और वास्तविक प्रश्नपत्र में काफी समानता पाई गई।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों पर समान प्रश्न प्रसारित किए गए थे। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही इस कथित पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
CJP Protest LIVE: तीसरे दौर की वार्ता आज, सरकार से आर-पार के मूड में CJP! संसद मार्च-2 का होगा ऐलान?
सीएम धामी का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे भर्ती परीक्षाएं हों या विश्वविद्यालय की परीक्षाएं, नकल, प्रश्नपत्र लीक या परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लागू सख्त नकलरोधी कानून और लगातार चल रहे अभियान के तहत अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है तथा यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



