एक इंस्टाग्राम मैसेज से शुरू हुई रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की लव स्टोरी, पहली बार सांसद ने सुनाई पूरी कहानी

सपा सांसद प्रिया सरोज ने इंटरव्यू में बताया कि कैसे कोविड के दौरान भेजा गया एक प्रोफेशनल इंस्टाग्राम मैसेज उनकी और क्रिकेटर रिंकू सिंह की प्रेम कहानी की शुरुआत बन गया।

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की जोड़ी इन दिनों लगातार चर्चा में है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में प्रिया सरोज ने पहली बार खुलकर बताया कि दोनों की लव स्टोरी कैसे शुरू हुई, परिवार को मनाने में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और आखिरकार उनका रिश्ता शादी तक कैसे पहुंचा।

कोविड के दौरान भेजा था पहला मैसेज

प्रिया सरोज ने बताया कि कोविड-19 के दौरान वह और उनकी बहन एक छोटे स्टार्टअप पर काम कर रही थीं। उनकी बहन का इंस्टाग्राम पर फूड पेज था, जिसे प्रमोट कराने के लिए किसी ने रिंकू सिंह का नाम सुझाया। बताया गया कि रिंकू मददगार स्वभाव के हैं और नए लोगों की सहायता करने से पीछे नहीं हटते।

इसी सलाह के बाद प्रिया ने रिंकू सिंह को इंस्टाग्राम पर एक प्रोफेशनल मैसेज भेजा। उस समय रिंकू के करीब 1.20 लाख फॉलोअर्स थे, जबकि प्रिया के अकाउंट पर लगभग एक हजार फॉलोअर्स थे।

रिंकू के रिप्लाई से घबरा गई थीं प्रिया

प्रिया ने बताया कि मैसेज भेजने के करीब पांच दिन बाद रिंकू सिंह की ओर से “Hi” का जवाब आया। हालांकि, वह इतनी घबरा गईं कि खुद जवाब देने की बजाय अपना फोन भाई को दे दिया।

उन्होंने कहा कि शुरुआत के एक सप्ताह तक दोनों की बातचीत उनके भाई के जरिए ही होती रही। उस समय उनका किसी दोस्ती या रिश्ते का इरादा नहीं था। वह न्यायिक सेवा (जज) की तैयारी में पूरी तरह व्यस्त थीं और किसी अनजान व्यक्ति से सीधे बातचीत करने में सहज महसूस नहीं करती थीं।

इंटर-कास्ट शादी को लेकर सबसे बड़ी चुनौती

प्रिया सरोज ने बताया कि जब दोनों के बीच बातचीत आगे बढ़ी तो उन्होंने शुरुआत में ही रिंकू सिंह को साफ बता दिया था कि उनके परिवार में कभी इंटर-कास्ट या लव मैरिज नहीं हुई है।

उन्होंने रिंकू से कहा कि उनके पिता एक साधारण और संस्कारी परिवार से आने वाले सरकारी नौकरी करने वाले लड़के की तलाश में हैं। ऐसे में क्रिकेटर से शादी के लिए परिवार को मनाना आसान नहीं होगा।

रिंकू ने दिलाया भरोसा

प्रिया के मुताबिक, रिंकू सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही भारतीय टीम में जगह बनाएंगे और अपने प्रदर्शन से परिवार का विश्वास जीतेंगे।

हालांकि, प्रिया ने उन्हें बताया कि उनके पिता क्रिकेट की दुनिया से ज्यादा परिचित नहीं हैं। इसके बावजूद दोनों ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। बाद में रिंकू सिंह का शानदार प्रदर्शन, भारतीय टीम में चयन और उनके करियर की सफलता ने परिवार का भरोसा मजबूत किया और आखिरकार शादी के लिए सहमति मिल गई।

दो साल तक निभाया लॉन्ग डिस्टेंस रिश्ता

प्रिया सरोज ने बताया कि साल 2022 से दोनों लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहे। व्यस्त कार्यक्रम और पारिवारिक परंपराओं के कारण दोनों की मुलाकातें बेहद कम हुईं।

उन्होंने कहा कि शादी से पहले दोनों को अकेले मिलने या घूमने की अनुमति नहीं थी। यही वजह रही कि उन्होंने अब तक स्टेडियम में रिंकू सिंह के केवल दो मुकाबले ही लाइव देखे हैं, जिनमें से एक मैच वह अपने परिवार के साथ देखने गई थीं।

Sports News: ऋषिकांता सिंह ने भारत को दिलाया दूसरा पदक, स्नैच में बनाया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड

सादगी और भरोसे से आगे बढ़ा रिश्ता

प्रिया सरोज का कहना है कि उनके और रिंकू सिंह के रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत आपसी सम्मान, भरोसा और परिवार की सहमति रही। एक साधारण प्रोफेशनल बातचीत से शुरू हुआ यह रिश्ता आज लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुका है।

Related Articles

Back to top button