UP News: जागरूकता और समय पर जांच ही सुरक्षित मातृत्व की गारंटी : डॉ. सोनू सिंह
UP News: Awareness and timely check-ups are the guarantee of safe motherhood: Dr. Sonu Singh
UP News:युवा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनू सिंह ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श सुरक्षित मातृत्व के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर ब्लड प्रेशर, वजन, हीमोग्लोबिन, शुगर तथा मूत्र की जांच करानी चाहिए। साथ ही आवश्यकतानुसार अल्ट्रासाउंड और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श भी कराते रहना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. सोनू सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में गर्भवती महिलाओं में हाई ब्लड प्रेशर और गर्भकालीन मधुमेह (गेस्टेशनल डायबिटीज) की समस्या तेजी से बढ़ रही है। यदि समय पर जांच और उपचार न हो तो प्रीक्लेम्पसिया, समय से पहले प्रसव तथा शिशु के विकास में बाधा जैसी गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने सलाह दी कि गर्भावस्था के दौरान प्रत्येक माह नियमित जांच करानी चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर 15 दिन के अंतराल पर भी स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को गर्भावस्था के अलावा पीसीओडी, थायरॉइड, एनीमिया, गर्भाशय में गांठ तथा अनियमित मासिक धर्म जैसी समस्याओं के प्रति भी सजग रहना चाहिए। 25 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक महिला को वर्ष में कम से कम एक बार पैप स्मीयर टेस्ट एवं स्तन परीक्षण अवश्य कराना चाहिए, ताकि गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सके।
डॉ. सोनू सिंह ने गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम, फोलिक एसिड एवं प्रोटीन युक्त संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने तथा तनाव से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि तेज सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, शरीर में अत्यधिक सूजन, रक्तस्राव या शिशु की हलचल कम महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “जागरूकता और समय पर चिकित्सकीय जांच ही सुरक्षित मातृत्व की सबसे बड़ी गारंटी है।”
डॉ. सोनू सिंह ने ये बातें कोपागंज नगर के कसारा मोड़ स्थित अपने नए क्लीनिक के उद्घाटन अवसर पर कहीं। इस अवसर पर उनके ससुर वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मंगला सिंह, सास एवं वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. माधुरी सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. के. सिंह, पूर्वी संसार के संपादक ओमप्रकाश गुप्ता, प्रबंध संपादक अब्दुल अजीम खान, सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट डॉ. अमरनाथ राय, सीनियर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बालेंदु गुप्ता, अफरोज अहमद, अरफात अजीम खान, राजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Read Also-Bollywood News: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज



