Anil Kapoor New Show: अनिल कपूर ला रहे हैं नया फैमिली गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’, इस दिन होगा प्रीमियर
Anil Kapoor's New Show: Anil Kapoor is bringing a new family game show, 'India's Top 1%'; it will premiere on this date.
Bollywood News: मनोरंजन के साथ दिमागी कसरत कराने वाला एक नया फैमिली गेम शो जल्द ही दर्शकों के बीच दस्तक देने वाला है। स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार मिलकर ‘इंडिया के टॉप 1%’ लेकर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस शो को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर होस्ट करते दिखाई देंगे। शो का प्रीमियर 5 सितंबर से होने जा रहा है।
विदेशों में लोकप्रिय फॉर्मेट का भारतीय रूप
‘इंडिया के टॉप 1%’ दुनियाभर में चर्चित फॉर्मेट ‘द 1% क्लब’ पर आधारित है। यह फॉर्मेट नीदरलैंड्स, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, इजराइल, तुर्की, यूक्रेन, मैक्सिको और अमेरिका सहित कई देशों में दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुका है। अब इसे भारतीय दर्शकों के हिसाब से नए अंदाज में पेश किया जाएगा।
ज्ञान नहीं, सोचने की क्षमता होगी असली हथियार
यह शो सामान्य क्विज प्रोग्राम से काफी अलग होने वाला है। इसमें प्रतियोगियों से सिर्फ सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल नहीं पूछे जाएंगे, बल्कि उनकी लॉजिक, ऑब्जर्वेशन, कॉमन सेंस, सोचने की क्षमता और प्रेजेंस ऑफ माइंड को परखा जाएगा।
शो की सबसे दिलचस्प बात यह है कि दर्शक भी घर बैठे इसमें शामिल होकर सवालों के जवाब दे सकेंगे। यानी प्रतियोगियों के साथ-साथ दर्शकों को भी यह पता लगाने का मौका मिलेगा कि उनकी सोच कितनी तेज है।
अनिल कपूर ने बताया क्यों खास है शो
शो को होस्ट करने को लेकर अनिल कपूर का कहना है कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ में सिर्फ यह मायने नहीं रखेगा कि किसी व्यक्ति को कितना ज्ञान है, बल्कि असली परीक्षा इस बात की होगी कि वह किसी परिस्थिति में किस तरह सोचता और फैसला लेता है।
उनके मुताबिक, शो की चुनौतियां प्रतिभागियों के ऑब्जर्वेशन, लॉजिक और दबाव के बीच शांत रहकर सोचने की क्षमता को परखेंगी। उन्होंने दर्शकों से भी इस अनोखी चुनौती का हिस्सा बनने और यह जानने की अपील की कि क्या वे खुद को भारत के टॉप 1 प्रतिशत लोगों में शामिल कर सकते हैं।
कब और कहां देख सकेंगे शो?
‘इंडिया के टॉप 1%’ का प्रीमियर 5 सितंबर से होगा। दर्शक इसे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे। परिवार के साथ बैठकर मनोरंजन करने के साथ अपनी सोचने की क्षमता को परखने के लिहाज से यह शो खास होने वाला है।



