Pratapgarh News: लायंस क्लब के रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया महादान
Pratapgarh News: Enthusiasm abounds at Lions Club blood donation camp; donors participate enthusiastically in the noble act of blood donation.
Pratapgarh News:जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष और लायंस क्लब प्रतापगढ़ शक्ति की ओर से संयुक्त रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में शहर के समाजसेवियों और रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
शिविर का शुभारंभ राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज खत्री ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
रक्तदान से बचाई जा सकती हैं कई जिंदगियां
लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष के अध्यक्ष लायन श्याम शंकर शुक्ल ‘श्याम’ ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्त के विभिन्न घटकों का उपयोग अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जा सकता है। उन्होंने स्वस्थ और पात्र लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
लायंस क्लब प्रतापगढ़ शक्ति की अध्यक्ष लायन लक्ष्मी मिश्रा ने महिलाओं से भी रक्तदान अभियान में भागीदारी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्वास्थ्य मानकों को पूरा करने वाली पात्र महिलाएं भी स्वैच्छिक रक्तदान कर सकती हैं और समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर सकती हैं।
सामाजिक संस्थाओं से अभियान में आगे आने की अपील
कार्यक्रम में मौजूद लायंस क्लब इंटरनेशनल के रीजन चेयरपर्सन शिशिर खरे ने दोनों क्लबों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को अचानक पड़ सकती है। ऐसे में सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं को मिलकर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल रक्त की उपलब्धता बढ़ती है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है।
समाजसेवियों और क्लब सदस्यों ने किया रक्तदान
शिविर में समाजसेवी आलोक शुक्ला, हेल्दी एवं एक्टिव लाइफस्टाइल न्यूट्रिशन सेंटर के संचालक डॉ. पंकज मिश्रा, कोच अंकिता केशरवानी, लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष के ब्लड डोनेशन चेयरपर्सन अश्वनी सिंह, सचिव संतोष भगवन सहित कई लोगों ने रक्तदान किया।
वहीं लायंस क्लब प्रतापगढ़ शक्ति की सचिव अनीता पांडे, कोषाध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी लक्ष्मी सिंह, राजेश मौर्य समेत अन्य सदस्यों ने भी शिविर में सहभागिता की।
ब्लड बैंक की टीम का रहा सहयोग
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में लायंस क्लब प्रतापगढ़ हर्ष के उपाध्यक्ष आर.बी. सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह तथा ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. दीपिका केसरवानी का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा पवन नन्दन भट्ट, विशाल शुक्ला, कुसुम लता गुप्ता, संदीप मिश्रा, आशिक अली, मनोज प्रजापति, शिवम, अर्पित, नितिन श्रीवास्तव, आशीष, खुशबू, रेखा और शमशाद समेत ब्लड बैंक की टीम ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मानव सेवा और जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
Read Also-Pratapgarh News: लालगंज थाने में समाधान दिवस, डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय,



