Unnao News: कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 81 लीटर शराब बरामद
Unnao News: Excise Department cracks down on illegal illicit liquor trade; 81 liters of liquor seized.
Unnao News:जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत विभाग की अलग-अलग टीमों ने पुरवा और मौरावां क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 81 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 400 किलो महुआ लहन मौके पर नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
आबकारी विभाग के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यह अभियान आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाया गया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन और उप आबकारी आयुक्त लखनऊ प्रभार के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी।
भाटमऊ में मिली 45 लीटर कच्ची शराब
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 बीघापुर प्रतिभा सिंह ने टीम के साथ थाना पुरवा क्षेत्र के भाटमऊ गांव में कार्रवाई की। यहां से टीम ने 45 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके पर शराब बनाने के लिए तैयार करीब 400 किलो महुआ लहन भी मिला।
टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
कई बाजारों और गांवों में छापेमारी
इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 पुरवा निशांत सिंह ने स्थानीय पुलिस बल के साथ पुरवा क्षेत्र के बेगमगंज तथा मौरावां क्षेत्र के बसहा, कुट्टीखेड़ा बाजार और हिलौली बाजार में छापेमारी की।
इन स्थानों से कुल 36 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवकली पत्नी स्व. दढ़ई निवासी गौरी, श्रीपाल पुत्र स्व. बुद्धिलाल निवासी जनवारनखेड़ा और निर्मल कुमार पुत्र स्व. राम औतार निवासी दरेहटा, सभी थाना मौरावां क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तीनों के खिलाफ थाना मौरावां में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अवैध शराब के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
आबकारी विभाग ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए जिले में प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की टीमें अवैध शराब से जुड़े संभावित ठिकानों पर निगरानी रखते हुए जरूरत के अनुसार कार्रवाई करेंगी।
Read Also-Pratapgarh News: लायंस क्लब के रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया महादान



