Pratapgarh News: तिरंगा कॉन्सर्ट में देशभक्ति के गीतों पर झूमा शहीद उद्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Pratapgarh News: Shaheed Udyan swayed to patriotic songs in the Tiranga Concert, cultural presentations enthralled the audience.
Pratapgarh News:हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत गुरुवार को शहीद उद्यान (कंपनी गार्डेन) में भव्य तिरंगा कॉन्सर्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, समाजसेवियों, व्यापारियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुष्का शर्मा, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा और पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा समेत कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
शहीदों के बलिदान को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, निष्ठा और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। वक्ताओं ने लोगों से तिरंगे की गरिमा बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को और मजबूत करने की अपील की।
देशभक्ति गीतों से गूंज उठा शहीद उद्यान
तिरंगा कॉन्सर्ट में कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत और नृत्य ने दर्शकों में उत्साह और जोश भर दिया। देशभक्ति गीतों की गूंज और तालियों से पूरा शहीद उद्यान गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देश की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया।
कार्यक्रम के समापन पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुष्का शर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र कुमार ओझा ने किया।



