Punjab News: नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमले की कोशिश, सुरक्षा कर्मी ने बचाया
Punjab News: Attempt to attack Sukhbir Singh Badal in Nanded; security personnel saves him.
Punjab News:शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल से जुड़ी एक बड़ी खबर महाराष्ट्र के नांदेड़ से सामने आई है। गुरुवार को एक गुरुद्वारे में एक निहंग द्वारा उन पर कथित तौर पर कृपाण से हमला करने की कोशिश की गई। घटना के दौरान बादल के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। हमलावर ने अचानक सुखबीर सिंह बादल की ओर बढ़कर हमला करने का प्रयास किया। उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर हमलावर को रोक लिया। इस दौरान सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के भी घायल होने की बात कही जा रही है।
एक व्यक्ति हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही नांदेड़ पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गुरुद्वारे और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। पुलिस हमले की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह की जांच कर रही है।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
पहले भी हो चुका है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर के बाहर भी हमले की कोशिश हुई थी। उस दौरान एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने का प्रयास किया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से गोली उन्हें नहीं लगी थी।
नांदेड़ की ताजा घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।



