UP News: स्टेडियम में रखे-रखे सूख गए पौधे, दो महीने से रोपण का इंतजार; जिम्मेदारों पर उठे सवाल
UP News: Plants at stadium withered from neglect, awaiting planting for two months; questions raised regarding those responsible.
UP News:विकासखंड बिछिया के तौरा गांव स्थित स्टेडियम परिसर में पौधरोपण के लिए रखे गए पौधे लंबे समय से जमीन में लगाए जाने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दो महीने से अधिक समय से खुले में रखे कई पौधे पानी और देखरेख के अभाव में सूख चुके हैं। इससे सरकारी पौधरोपण अभियान की जमीनी हकीकत और जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अभियान के बावजूद नहीं हुआ पौधरोपण
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया था। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई थी। इसके बावजूद तौरा गांव के स्टेडियम में रखे पौधों को समय से जमीन में नहीं लगाया जा सका।
पानी के अभाव में सूखे पौधे
ग्रामीणों के मुताबिक स्टेडियम परिसर में रखे पौधों को पर्याप्त पानी और संरक्षण नहीं मिल पाया। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण कई पौधे सूख गए। ग्रामीणों ने गांव में तैनात सचिव ओम शंकर तिवारी की कथित लापरवाही पर सवाल उठाते हुए समय से पौधरोपण नहीं कराए जाने का आरोप लगाया है।
जांच की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार अभियान चला रही है और पौधरोपण पर संसाधन भी खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में पौधे जमीन में लगाए जाने से पहले ही सूख जाएं तो अभियान के उद्देश्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से स्टेडियम परिसर में रखे पौधों की स्थिति की जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
Read Also-Punjab News: नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमले की कोशिश, सुरक्षा कर्मी ने बचाया



