Sonbhadra News: सपा नेता राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, पीडीए विरोधी होने का लगाया आरोप
Sonbhadra News: SP leader Ram Asre Vishwakarma targets the BJP government, accusing it of being anti-PDA.
Sonbhadra News:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की स्थिति, आरक्षण और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ने से आम जनता परेशान है। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने के वादे को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मध्यम एवं कुटीर उद्योगों के बंद होने से गरीब और मजदूर वर्ग प्रभावित हुआ है, जबकि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग यानी पीडीए समाज का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने फर्जी एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस हिरासत में मौतों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं में पीडीए वर्ग के लोगों की संख्या अधिक है।
विश्वकर्मा समाज को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में समाज के युवाओं और बेटियों से जुड़ी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उन्होंने सपा सरकार के दौरान विश्वकर्मा समाज के हित में शुरू की गई योजनाओं और सुविधाओं को बंद किए जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को उच्च शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर देने के बजाय पारंपरिक कार्यों तक सीमित करने वाली है।
सरकारी नौकरियों में आरक्षण को लेकर राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर आरक्षण घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुई विभिन्न परीक्षाओं में पीडीए के आरक्षित पदों को सामान्य वर्ग से भरा गया। उन्होंने पेपर लीक और परीक्षाओं के निरस्त होने को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और NEET परीक्षा का भी उल्लेख किया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा जनविरोधी सरकार है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसे सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनने पर युवाओं, किसानों, गरीबों और पीडीए वर्ग के हित में काम किया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार रहने तक पीडीए समाज का अपेक्षित विकास संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर सभी गरीब वर्गों के विकास के साथ प्रदेश में शांति का माहौल कायम किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, परमेश्वर दयाल, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय यादव, चौधरी यशवंत सिंह, मोहम्मद सईद कुरैशी, राजेश विश्वकर्मा, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, महेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा, मीना विश्वकर्मा, प्रमोद यादव समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read Also-Tata Group : Tata Sons का अगला चेयरमैन कौन? Noel Tata से TV Narendran तक, रेस में ये बड़े नाम
रिपोर्ट: अमित मिश्रा, सोनभद्र



