Bollywood News: दशहरा पर होगी यामी गौतम की ‘नई नवेली’ की एंट्री, रिलीज तारीख तय

Bollywood News: Yami Gautam's 'Nayi Naveli' to arrive on Dussehra; release date finalized.

Bollywood News:वर्ष 2026 में दशहरा के मौके पर दर्शकों के लिए एक नई फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर ‘नई नवेली’ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। अमेज़न एमजीएम स्टूडियो और कॉलर येलो के बैनर तले बनी इस फिल्म में यामी गौतम धर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा फिल्म के निर्माता हैं। संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जी.वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ के एक बेहद अजीबोगरीब और अव्यवस्थित परिवार में आने वाली एक दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है। शुरुआत में वह एक परफेक्ट बहू के रूप में परिवार में घुल-मिल जाती है और उसकी मौजूदगी से घर में खुशियां लौट आती हैं। हालांकि, जल्द ही कहानी में रहस्य और फैंटेसी का रंग घुलने लगता है। दुल्हन का देवर उसके व्यवहार को लेकर शक करने लगता है और उसके मन में सवाल उठता है कि कहीं उसकी भाभी डायन तो नहीं है। इसके बाद परिवार के रिश्तों, हास्य, रोमांच और रहस्य से जुड़ी घटनाएं कहानी को एक अलग दिशा में ले जाती हैं। फिल्म में यामी एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जिसमें मासूमियत, गर्मजोशी और शरारत का अनोखा मेल देखने को मिलेगा।

निर्माता आनंद एल राय के मुताबिक, ‘नई नवेली’ की कहानी अपने अनोखे संसार और हर मोड़ पर चौंकाने वाले घटनाक्रम के कारण खास है। फिल्म में पारिवारिक रिश्तों के साथ फैंटेसी, हास्य और रोमांच को जोड़ा गया है। वहीं अमेज़न एमजीएम स्टूडियो के निदेशक और प्राइम वीडियो इंडिया एवं अमेज़न एमजीएम स्टूडियो के एसवीओडी ओरिजनल्स प्रमुख निखिल मधोक ने इसे दशहरा के लिए एक आदर्श फैमिली एंटरटेनर बताया। निर्माताओं को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान परिवार के साथ सिनेमाघरों का रुख करने वाले दर्शकों को फिल्म का यह अनोखा कॉम्बिनेशन पसंद आएगा। यामी गौतम धर का नया अंदाज, मेरठ का अतरंगी परिवार और दुल्हन के डायन होने का रहस्य फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है।

Read Also-Chinese Incursion in Arunachal Pradesh: अरुणाचल में 60 किमी अंदर घुसा चीन? सरकार ने वायरल दावों का बताया सच

Related Articles

Back to top button