UP News:फायर NOC में देरी पर सख्त हुए एसपी, मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण

UP News: SP takes a tough stance on Fire NOC delays; conducts surprise inspection of the Chief Fire Office.

UP News:पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को जनपद के मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों, जीवन रक्षक उपकरणों, परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान फायर NOC जारी करने में अनावश्यक देरी से संबंधित शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया।

एसपी ने परिसर में मौजूद अग्निशमन वाहनों, वॉटर टेंडरों, पंपों और अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वाहन और अग्निशमन उपकरण 24 घंटे पूरी तरह परिचालन स्थिति में रहें, ताकि आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

उन्होंने आपदा या आग लगने की सूचना मिलने पर कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रूट प्लान और आवश्यक संसाधनों की पूर्व तैयारी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा सूचना रजिस्टर, वाहन मेंटेनेंस रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर समेत महत्वपूर्ण अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा।

स्कूलों और बाजारों में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल के निर्देश

एसपी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, विद्यालयों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित रूप से फायर सेफ्टी मॉकड्रिल और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य आम लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना है।

निरीक्षण के दौरान फायर सर्विस कर्मियों के बैरक, मेस और आवासीय परिसर का भी जायजा लिया गया। एसपी ने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।

फायर NOC में देरी पर आमजन से शिकायत की अपील

फायर NOC जारी करने में अनावश्यक देरी को लेकर मिल रही शिकायतों के संबंध में भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने आमजन को सूचित किया कि यदि किसी की फायर NOC बिना उचित कारण के अनावश्यक रूप से लंबित है, तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपर्क कर इसकी तत्काल सूचना दे सकता है। अधिकारियों को ऐसी शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चन्दौली से सत्येन्द्र कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Read Also-Bollywood News: दशहरा पर होगी यामी गौतम की ‘नई नवेली’ की एंट्री, रिलीज तारीख तय

Related Articles

Back to top button