Pratapgarh News:अजगरा महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज, गांव से जिला स्तर तक होगा ‘अजगरा महान संवाद’
Pratapgarh News: Preparations for the Ajgara Mahotsav 2026 are in full swing; the ‘Ajgara Mahan Samvad’ will be held from the village level up to the district level.
Pratapgarh News:अजगरा महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में बुधवार को कैम्प कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित कर महोत्सव की रूपरेखा और तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में महोत्सव को जिले की सांस्कृतिक पहचान, लोक संवाद और सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए भव्य स्तर पर आयोजित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में ‘अजगरा महान संवाद-2026’ यानी ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को समसामयिक सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखने, सवाल पूछने और तार्किक संवाद करने का अवसर देना है।
24 अगस्त से शुरू होगा प्रतिभागियों का चयन
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं। ग्राम एवं वार्ड स्तर से प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया शुरू होकर ब्लॉक, नगर निकाय, जोनल और जिला स्तर तक पहुंचेगी।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 24 से 26 अगस्त तक ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर चयन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 29 और 30 अगस्त को 17 विकासखंडों और 19 नगरीय निकायों के स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2 और 3 सितंबर को जोनल महासंवाद तथा 5 सितंबर को जिला स्तरीय महासंवाद आयोजित कर अंतिम आठ प्रतिभागियों का चयन प्रस्तावित है।
इसके बाद 6 से 16 सितंबर तक अंतिम आठ प्रतिभागियों का सार्वजनिक परिचय एवं तैयारी कराई जाएगी। 17 सितंबर को अजगरा महान संवाद का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा।
1427 प्रतिनिधियों से होगा चयन
कार्यक्रम के लिए ग्राम एवं वार्ड स्तर पर कुल 1427 प्रतिनिधियों के चयन की व्यवस्था की गई है। विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर से 36 विजेता, जोनल स्तर से 16 प्रतिभागी और अंतिम चरण के लिए 8 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
अंतिम आठ प्रतिभागियों को ‘अजगरा अष्ट’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1 लाख 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1 लाख 1 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 75 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
कई विभागों को मिली जिम्मेदारी
महोत्सव की सफलता के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी और व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। पर्यटन विभाग आवश्यक समन्वय और अभिलेख तैयार करेगा, जबकि सूचना विभाग प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करेगा।
अजगरा रानीगंज में होगा मुख्य आयोजन
डीएम अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि अजगरा महोत्सव केवल एक कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि यह जिले की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक संवाद और नई पीढ़ी की रचनात्मक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच बने।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीनस्थों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की जानकारी देने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि अजगरा रानीगंज स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर 15 से 17 सितंबर तक अजगरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पं. राजेश कुमार पाण्डेय ‘निर्झर प्रतापगढ़ी’ ने यक्ष-युधिष्ठिर संवाद के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Read Also-Chandauli News-योगी सरकार आईटीआई को बनाएगी आधुनिक कौशल एवं रोजगार का हब



