Prayagraj News:प्रयागराज में जलभराव पर महापौर का निरीक्षण, अधिकारियों को फटकार; तत्काल पानी निकालने के निर्देश
Prayagraj News: Mayor inspects waterlogging in Prayagraj, reprimands officials; orders immediate drainage of water.
Prayagraj News:भारी बारिश के बाद प्रयागराज के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने गुरुवार को नगर निगम जोन-05 के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नैनी चक रघुनाथ वार्ड, स्टेशन रोड, जहांगीराबाद, खरकौनी और लोकपुर मार्ग समेत जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।
जल निकासी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और तत्काल पानी निकालने के सख्त निर्देश दिए।
पंप और मशीनरी लगाकर पानी निकालने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से नालियों और नालों की सफाई, पंपिंग व्यवस्था तथा जल निकासी के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पानी जमा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक मशीनरी और पंप लगाकर जल निकासी कराई जाए।
महापौर ने कहा कि भारी बारिश के दौरान शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जलभराव वाले इलाकों में तत्काल राहत पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्थायी समाधान के लिए बनेगी कार्ययोजना
बार-बार जलभराव की समस्या वाले स्थानों को चिह्नित कर उनके स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने नालियों और नालों की नियमित सफाई, सीवर व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा जल निकासी मार्गों में किसी भी तरह की बाधा नहीं होने देने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और जलभराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलभराव प्रभावित इलाकों में चलेगा विशेष सफाई अभियान
महापौर ने कहा कि बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में गंदगी के साथ-साथ जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल निकासी, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और बारिश के दौरान जलभराव से राहत दिलाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जोनल अधिकारी, पार्षद राकेश जायसवाल, रणविजय सिंह डब्बू, मयंक यादव, अनूप पासी, पवन यादव, बालराज पटेल, संजय श्रीवास्तव नरसिंह, प्रदीप तिवारी, राजन शुक्ला, रवि मिश्रा, नरेंद्र कुशवाहा, नितिन केसरवानी (बब्लू), शेखर प्रजापति समेत अधिशासी अभियंता, अधिशासी अभियंता जलकल, अवर अभियंता जनकार्य और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Read Also-Sports News:भारत ने इंग्लैंड को 0-0 पर रोका, महिला हॉकी विश्व कप के दूसरे दौर में बनाई जगह



