Sonbhadra News: मऊनाथ भंजन की समस्याओं को लेकर उपकास प्रतिनिधिमंडल ने एडिशनल कमिश्नर से की वार्ता

Sonbhadra News: Upkas delegation holds talks with the Additional Commissioner regarding issues concerning Maunath Bhanjan.

Sonbhadra News:उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन (उपकास) के प्रतिनिधिमंडल ने मऊनाथ भंजन राज्य कर कार्यालय से जुड़ी समस्याओं और अधिवक्ताओं व करदाताओं की शिकायतों को लेकर एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, जोन द्वितीय, वाराणसी श्याम सुंदर तिवारी से चेतगंज स्थित राज्य कर कार्यालय में मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल में उपकास के प्रांतीय अध्यक्ष आर. पी. यादव, प्रांतीय महामंत्री राकेश शरण मिश्र तथा प्रांतीय को-कन्वीनर उमापति पांडेय शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने टैक्स बार एसोसिएशन, मऊ की ओर से 7 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र में उठाई गई विभिन्न समस्याओं से एडिशनल कमिश्नर को अवगत कराया।

बैठक में अधिवक्ताओं एवं करदाताओं के साथ कार्य-व्यवस्था, कार्यालय में कथित अनियमितताओं, शिकायतकर्ताओं के विरुद्ध प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की आशंका, अधिवक्ता/करदाता कक्ष से संबंधित कार्रवाई, सचल दल में चालकों के स्थानांतरण तथा कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बार-बार सर्वे जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपकास पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। संगठन का उद्देश्य निष्पक्ष जांच, विधिसम्मत कार्रवाई तथा अधिवक्ताओं और करदाताओं के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करना है।

जांच के आदेश, आजमगढ़ रवाना हुई टीम

मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 श्याम सुंदर तिवारी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने एडिशनल कमिश्नर अपील डी. बी. सिंह को पूरे प्रकरण की जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद जांच के लिए टीम को आजमगढ़ रवाना किया गया।

उपकास प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जांच तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से होगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि मऊनाथ भंजन के अधिवक्ताओं एवं करदाताओं की समस्याओं का शीघ्र, न्यायोचित और स्थायी समाधान निकलेगा।

Read Also-Indian sailors hijacked : यमन और सोमालिया के पास हाईजैक हुए दो जहाजों में सवार 22 भारतीय सुरक्षित, सरकार ने दी जानकारी

रिपोर्ट: अमित मिश्रा, सोनभद्र

Related Articles

Back to top button