UP News : जानिये कौन हैं IPS आलोक सिंह, जिन्हें बनाया गया UPPSC का नया अध्यक्ष
UP News : UPPSC के नए अध्यक्ष IPS आलोक सिंह 1995 बैच के अधिकारी हैं। जानिए उनकी शिक्षा, पुलिस करियर, नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर बनने से लेकर राजनाथ सिंह के निजी सचिव तक का सफर।

UP News : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। योगी सरकार ने 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत की जगह लेंगे, जो 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हुए थे। वर्तमान में आलोक सिंह उत्तर प्रदेश प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के महानिदेशक के पद पर तैनात हैं।
26 नवंबर को जारी नियुक्ति आदेश के मुताबिक, राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 (1) के तहत आलोक सिंह को यूपीपीएससी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा। उनकी नियुक्ति के बाद प्रदेश के प्रमुख भर्ती आयोगों और बोर्डों की कमान आईपीएस अधिकारियों के हाथों में आ गई है।
आलोक सिंह की नियुक्ति के बाद अभ्यर्थियों के बीच भी उन्हें लेकर चर्चा तेज हो गई है। आइए जानते हैं कि यूपीपीएससी के नए अध्यक्ष आलोक सिंह कौन हैं, उन्होंने कितनी पढ़ाई की है और उनका अब तक का प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा का सफर कैसा रहा है।
कौन हैं UPPSC के नए अध्यक्ष आलोक सिंह?
आलोक सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने वर्ष 1994 में आयोजित सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा में चयन हासिल किया था और 4 सितंबर 1995 को उनकी सेवा में नियुक्ति हुई थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक अधिकारी प्रोफाइल के मुताबिक, उनका जन्म 24 जनवरी 1967 को हुआ था। उन्होंने विज्ञान विषय से स्नातक, अर्थशास्त्र में परास्नातक और मार्केटिंग एवं फाइनेंस में एमबीए की डिग्री हासिल की है।
नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर बनने का मिला मौका
आलोक सिंह के करियर की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर का पद शामिल है। जनवरी 2020 में गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था।
इसके अलावा वह कानपुर जोन में एडीजी, मेरठ रेंज में आईजी और कानपुर में एसएसपी एवं आईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। अपने लंबे पुलिस करियर में उन्होंने प्रदेश के कई जिलों और महत्वपूर्ण इकाइयों में जिम्मेदारी संभाली है।
वह वर्तमान में PAC के महानिदेशक हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश स्पेशल पुलिस के महानिदेशक का दायित्व भी संभाल चुके हैं।
राजनाथ सिंह के निजी सचिव भी रह चुके हैं
आलोक सिंह का प्रशासनिक अनुभव प्रदेश तक ही सीमित नहीं रहा है। वर्ष 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के निजी सचिव के रूप में भी उनकी नियुक्ति की पहल हुई थी।
हालांकि, यह नियुक्ति अधिक समय तक नहीं चल सकी और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से नियमों का हवाला दिए जाने के बाद इस पर रोक लगा दी गई थी।
कई पुलिस पदकों से हो चुके हैं सम्मानित
आलोक सिंह को पुलिस सेवा में योगदान के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक प्रोफाइल में उनके प्रमुख सम्मानों में पुलिस मेडल, राष्ट्रपति पुलिस पदक, डीजी कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम), उत्कृष्ट सेवा पदक और अति उत्कृष्ट सेवा पदक शामिल हैं।
जनवरी 2029 तक संभालेंगे UPPSC अध्यक्ष की जिम्मेदारी
आलोक सिंह की नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी नियमित पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति जनवरी 2027 में निर्धारित थी। हालांकि, यूपीपीएससी अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल 23 जनवरी 2029 तक निर्धारित किया गया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रदेश में पीसीएस, समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी पदों पर भर्ती परीक्षाओं का आयोजन करता है। ऐसे में नए अध्यक्ष के सामने भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता, समयबद्ध परिणाम और अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
अब अभ्यर्थियों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोग भर्ती प्रक्रिया और लंबित परीक्षाओं को लेकर किस तरह के कदम उठाता है।



