Lucknow Rain News: लखनऊ में मूसलाधार बारिश से सड़कें बनीं तालाब, कई इलाकों में जाम
Lucknow Rain News: लखनऊ में रविवार शाम मूसलाधार बारिश से मरीन ड्राइव, गोमतीनगर, चिनहट और हाईकोर्ट समेत कई इलाकों में जलभराव हुआ। कई वाहन बंद हुए और यातायात प्रभावित रहा।

Lucknow Rain News: राजधानी लखनऊ में रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम करीब चार बजे बारिश शुरू हुई। करीब छह बजे घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। रात करीब नौ बजे तक रुक-रुककर हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर मरीन ड्राइव, गोमतीनगर, चिनहट, इंदिरानगर और हाईकोर्ट क्षेत्र में देखने को मिला। मरीन ड्राइव पर भारी जलभराव के कारण कई कारें और स्कूटी बंद हो गईं। लोगों को पानी के बीच से वाहन निकालने में मुश्किल हुई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहन चालकों की मदद की और यातायात व्यवस्था संभाली।
चिनहट तिराहे के पास ट्यूलिप अपार्टमेंट के सामने भी सड़क पर पानी भर गया। सीवर और नाले का पानी ओवरफ्लो होने से स्थिति और बिगड़ गई। इंदिरानगर के शिवाजीपुरम इलाके में भी जलनिकासी नहीं होने से काफी देर तक पानी जमा रहा।
हाईकोर्ट के गेट नंबर-1 के सामने भी भारी जलभराव हुआ। सड़क पर पानी भरने से रास्ता तालाब जैसा नजर आया और वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इससे जाम की स्थिति बनी रही। एसएसबी कार्यालय के गेट के अंदर और बाहर भी बारिश का पानी जमा हो गया।
जलभराव और कम दृश्यता के कारण कमता, चिनहट, पॉलिटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लखनऊ-अयोध्या रोड और गोमतीनगर क्षेत्र में भी वाहन चालकों को परेशानी हुई। तेज बारिश के दौरान कम दृश्यता के कारण चालकों को हेडलाइट और डिपर का सहारा लेना पड़ा।
ट्रांसपोर्ट नगर-अहिमामऊ मार्ग पर वेलसन मेडिसिटी अस्पताल के सामने बिजली का पोल गिरने से मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। यातायात पुलिस ने वाहनों को सर्विस रोड से डायवर्ट किया। मौके पर पुलिस और यातायात कर्मी तैनात रहे।
मरीन ड्राइव पर जलभराव की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नगर निगम कंट्रोल रूम को जानकारी दी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी निकालने का काम शुरू किया। जलनिकासी के बाद मरीन ड्राइव पर यातायात सामान्य हो गया, हालांकि शहर के कई अन्य इलाकों में जलभराव से लोग देर तक परेशान रहे।
इस मानसून अब तक 438.2 मिमी बारिश
लखनऊ में इस मानसून अब तक 438.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सीजन का सामान्य कोटा 468.1 मिमी है। इस लिहाज से अब तक करीब छह प्रतिशत कम बारिश हुई है। शनिवार को 28.5 मिमी बारिश हुई थी, जबकि उस दिन का सामान्य कोटा 4.4 मिमी था। इस वर्ष एक दिन में सबसे अधिक 58.7 मिमी बारिश 21 अगस्त को दर्ज की गई।
24 अगस्त के बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 24 अगस्त की सुबह के बाद प्रदेश में पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम हो सकती है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।


