UP Politics: यूपी में Gen-Z पर सपा का फोकस? अखिलेश यादव की तस्वीर वाले पोस्टर ने बढ़ाई सियासी हलचल

लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर लिखा है- ‘Gen-Z का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश’, नई पीढ़ी के युवाओं को जोड़ने की रणनीति पर बढ़ी चर्चा।

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने युवाओं और नई पीढ़ी पर अपना फोकस बढ़ाना शुरू कर दिया है। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर इस समय राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पोस्टर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ लिखा है- ‘Gen-Z का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश।’

पोस्टर सामने आने के बाद इसे सपा की युवा मतदाताओं को साधने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्टर को लेकर पार्टी की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक रणनीति सामने नहीं आई है।

अखिलेश यादव की तस्वीर, Gen-Z के जनादेश का संदेश

पोस्टर में अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर लगाई गई है और उसके जरिए सीधे तौर पर Gen-Z यानी नई पीढ़ी के मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश नजर आ रही है। बताया गया है कि यह पोस्टर सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े केशव प्रसाद रावत की ओर से लगवाया गया है।

यूपी की राजनीति में युवाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में सपा के पोस्टर को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले युवा वोटरों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

पहले छात्रसभा की नई ड्रेस भी की थी लॉन्च

इससे पहले अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की फ्रंटल विंग समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए नई ड्रेस लॉन्च की थी। इस दौरान कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट, नीली जींस और लाल टोपी में नजर आए थे।

अखिलेश यादव ने कहा था कि नीला रंग बहुजन समाज और पार्टी की विचारधारा से जुड़ा है। उन्होंने नई पीढ़ी की सोच और युवाओं से सीधे संवाद की जरूरत पर भी जोर दिया था।

Politics: अशोक सिद्धार्थ के संन्यास पर मायावती की दो टूक, बोलीं- ‘देर आए दुरुस्त आए’

कॉलेज और हॉस्टल तक पहुंचेगी सपा

अखिलेश यादव ने छात्रसभा के जरिए दो सप्ताह का छात्र जागरूकता अभियान चलाने की बात भी कही थी। इस अभियान के तहत कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्टल में जाकर छात्रों से बातचीत करने और उनकी समस्याओं व विचारों को समझने की योजना बताई गई थी।

ऐसे में सपा मुख्यालय के बाहर लगा ‘Gen-Z का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश’ वाला पोस्टर पार्टी के उसी युवा-केंद्रित अभियान की अगली कड़ी माना जा रहा है। अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव में नई पीढ़ी के मतदाताओं को साधने की यह रणनीति सपा के लिए कितनी प्रभावी साबित होती है।

Related Articles

Back to top button