UP IAS Transfer: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अमित घोष और आशीष गोयल समेत 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले
UP IAS Transfer 2026: यूपी सरकार ने 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। अमित कुमार घोष, आशीष गोयल, अमृत अभिजात समेत कई अधिकारियों के विभाग बदले गए।

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया। तबादला सूची में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी शामिल हैं। अमित कुमार घोष, आशीष कुमार गोयल, अमृत अभिजात समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा के पद से हटाकर अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा बनाया गया है। वह इसी साल दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. आशीष कुमार गोयल को श्रम एवं सेवायोजन विभाग भेजा गया है। उनके पास उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, राज्य विद्युत उत्पादन निगम और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी थी।
अमृत अभिजात को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। परिवहन विभाग की जिम्मेदारी अभी तक अर्चना अग्रवाल के पास थी, जो इसी महीने सेवानिवृत्त हो रही हैं।
वी हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन से हटाकर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है। महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा से प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी दी गई है।
अनिल कुमार को प्रमुख सचिव पंचायती राज के पद से हटाकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद बनाया गया है।
डॉ. एमकेएस सुंदरम को प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन और प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा के पद से हटाकर प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन की जिम्मेदारी दी गई है।
रविंद्र को प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन तथा निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य कृषि मंडी परिषद से हटाकर प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाया गया है।
अमित गुप्ता को प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के साथ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद के पद से हटाकर प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा बनाया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी दी गई है।



