CM Yogi on Rahul Gandhi: राहुल गांधी पर सीएम योगी का हमला, बोले- झूठ की गूंज में आचरण नारी शक्ति का अपमान

CM Yogi on Rahul Gandhi: ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी और हामिद अंसारी पर निशाना साधा। महिला पुलिस, स्टार्टअप और रोजगार को लेकर भी आंकड़े बताए।

CM Yogi on Rahul Gandhi, Yogi Adityanath, Rahul Gandhi, CM Yogi News, प्रेरणा विमर्श 2026, UP News, Uttar Pradesh News, महिला सशक्तीकरण, UP Police Women, UP Startup, Yogi Adityanath Speech

CM Yogi on Rahul Gandhi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयानों को लेकर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘कांग्रेस का युवराज’ बताते हुए कहा कि झूठ की गूंज में जिस प्रकार का आचरण किया गया, वह नारी शक्ति का अपमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को ऐसे लोगों से उम्मीद करना छोड़ देना चाहिए। उनके अनुसार, ऐसे लोगों का लक्ष्य समाज में भ्रम पैदा कर अव्यवस्था और अराजकता फैलाना है। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के वक्तव्य को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। योगी ने कहा कि महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर रहे व्यक्ति से पद की गरिमा के अनुरूप आचरण की अपेक्षा होती है।

नारी सशक्तीकरण पर सरकार की योजनाएं गिनाईं

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नारी गरिमा की रक्षा और महिला सशक्तीकरण केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों से होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, घरौनी के जरिए तीन करोड़ परिवारों को मकान का मालिकाना अधिकार मिला है, जिसमें महिलाओं को पहला अधिकार दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 54 हजार बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी गांवों में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। झांसी की बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 2019 में पांच महिलाओं से शुरू हुए समूह से आज 62 हजार महिलाएं जुड़ी हैं और इसका टर्नओवर 115 करोड़ रुपये है।

यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या बढ़ने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, जबकि अब यह संख्या 44 हजार हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अगले तीन-चार महीने में प्रदेश पुलिस में महिलाओं की संख्या 50 हजार से अधिक हो जाएगी।

योगी ने कहा कि प्रदेश में महिला वर्कफोर्स की भागीदारी भी बढ़ी है। डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप की नई योजना के तहत आठ हजार न्याय पंचायतों में से चार हजार में महिला उद्यमियों को जोड़कर प्रशिक्षण देने की योजना है।

9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की सबसे बड़ी युवा शक्ति है और प्रदेश की आबादी में 56 प्रतिशत युवा हैं। उनके मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में सवा तीन करोड़ युवा काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है और इससे 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

यूपी में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में 120 से भी कम स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने दावा किया कि इनमें करीब आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं।

योगी ने युवाओं से पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और वीर सावरकर जैसे राष्ट्रीय नायकों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

‘यूपी अब बीमारू राज्य नहीं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जिस उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, वह अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट और देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रदेश में फिर दंगा, कर्फ्यू, सामाजिक विभाजन, भेदभाव और अव्यवस्था का दौर लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विरासत के सम्मान और अपराध तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से प्रदेश में बदलाव आया है।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का समापन

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्ज्वलित कर समापन समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में ‘केशव संवाद’ और ‘प्रेरणा विचार’ की वैचारिक यात्रा पर आधारित वीडियो प्रदर्शित किए गए। मुख्यमंत्री को दोनों पत्रिकाओं की प्रतियां भी सौंपी गईं। एक अन्य वीडियो में प्रदेश की नारी और युवा शक्ति की बदलती तस्वीर प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, प्रेरणा विमर्श के कार्यकारी अध्यक्ष वीके गुप्ता, अध्यक्ष अनिल त्यागी, डॉ. मनमोहन सिंह सिसोदिया, प्रेरणा शोध संस्थान की अध्यक्ष प्रीति दादू, सचिव मोनिका चौहान, संसद टीवी के संपादक श्याम किशोर सहित गौतम बुद्ध नगर के जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button