UP Police: लखनऊ होटल में मिली सिपाही की लाश, कमरे से बरामद हुई सिरिंज; ओवरडोज की आशंका

UP Police: गोरखपुर में तैनात 26 वर्षीय सिपाही अंकित सिंह की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

UP Police: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। गोरखपुर में तैनात 2025 बैच के सिपाही अंकित सिंह एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

दोस्त के साथ ठहरा था होटल में

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय अंकित सिंह अपने दोस्त आदिल शाह के साथ गोरखपुर से लखनऊ आए थे। दोनों विकासनगर क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। सोमवार सुबह जब आदिल की नींद खुली तो उसने अंकित को बेहोशी की हालत में पाया। काफी कोशिशों के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद होटल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।

कमरे से मिले इंजेक्शन और सिरिंज

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली। जांच के दौरान कमरे से इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुईं। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

शुरुआती जांच में ओवरडोज की आशंका

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक नशे के आदी थे। बताया जा रहा है कि होटल पहुंचने के बाद उन्होंने इंजेक्शन के जरिए नशा किया था। इसी आधार पर शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज को मौत की संभावित वजह माना जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन में कौन सा पदार्थ था।

परिवार को दी गई सूचना

अंकित सिंह बाराबंकी जिले के फतेहपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और परिवार में उनकी मां रहती हैं। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button