Pratapgarh News-किसान दिवस में किसानों ने उठाईं समस्याएं, सीडीओ ने अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
Pratapgarh News: Farmers raise issues on Farmers' Day; CDO directs officials for immediate resolution.
Pratapgarh News-जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान बैठक में सर्वप्रथम उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह़ द्वारा उपस्थित कृषकों एवं कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों का अभिवादन किया गया तथा किसान दिवस आयोजन के उद्देश्य के संबध में अवगत कराया। विगत किसान दिवस की कार्यवृत्त में कृषकों की समस्याओं से सम्बन्धित प्राप्त आख्या को उप कृषि निदेशक द्वारा कृषकों से समक्ष पढ़कर सुनाया गया।
कृषकों द्वारा अपने समस्याओं से सम्बन्धित प्रकरणों का निस्तारण होने पर संतोष व्यक्त किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सर्वप्रथम बैठक मे मौजूद कृषकों से समस्याओं एवं बहुमूल्य सुझाव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, जिसके क्रम में दिनेश तिवारी जिलाध्यक्ष भ0कि0यू0 ग्राम-खरबारी विकास खण्ड-बाबागंज के द्वारा अवगत कराया गया कि किसानों से खतौनी का शुल्क बढ़ा कर न लिया जाय जैसा कि तहसील कुण्डा में 20 रूपये प्रति खतौनी तहसील-लालगंज में 15 रूपये लिया जाता है, कुण्डा तहसील में भी शुल्क 15 रूपये ही लिया जाय, जिसके क्रम में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जॉच कर आवश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया गया।
किसान दिवस में विकास सिंह ग्राम सांगापट्टी विकास खण्ड बाबा बेलखरनाथ धाम द्वारा अवगत कराया गया है कि ग्राम पंचायत सांगापट्टी स्थित कठार गॉव में सरकारी अस्थाई गौशाला स्थल स्थित है। अवारा पशुओं को गौशाला के कर्मचारियों द्वारा छोड़ दिया जाता है, जिसके कारण चार-पॉच गॉव की फसल नष्ट हो जाती है, जिसके क्रम में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पशु चिकित्साधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया।
विजय पाल तिवारी ग्राम-छतौना विकासखण्ड-आसपुर देवसरा द्वारा अवगत कराया गया है कि बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाया गया जिससे अत्यधिक बिजली का बिल आ रहा है, पुराना मीटर लगाने हेतु अनुरोध किया है, जिसके क्रम में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्बन्धित जे0ई0 को तत्काल समस्या का निस्तारण कराने हेतु निर्देश दिये गये। कुलदीप सिंह ग्राम-पूरेभरत विकासखण्ड-सण्डवाचन्द्रिका द्वारा अवगत कराया गया है कि 18000 रूपया की लागत से बायोगैस प्लान्ट की स्थापना की गयी है जिससे 4-5 लोगो का एक परिवार का भोजन आसानी से तैयार किया जा सकता है तथा गोबर संरक्षण करते हुए आर्गेनिक खाद भी तैयार की जाती है जिससे किसानों को अधिक लाभ है, जिसके क्रम में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जिला कृषि अधिकारी को निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये है तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को गौशालाओं पर स्थापित कराने के निर्देश दिये गये।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कृषकों एवं आम जनमानस की किसी भी प्रकार की शिकायत एवं समस्या के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी। उप कृषि निदेशक एवं समस्त विभाग के अधिकारियो द्वारा अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओ एवं कृषि निवेशो की उपलब्धता के संबध में जानकारी उपलब्ध कराने के उपरान्त समस्त कृषको एवं अधिकारियो को धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक का समापन किया गया। बैठक में जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कृषक उपस्थित रहे।
Read Also-Azamgarh News-आजमगढ़ में दृष्टि से परे हौसले का महाकुंभ



