Lucknow News-68,500 शिक्षक भर्ती के अनवरत धरने में अभ्यर्थी घायल, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
Lucknow News: Candidate injured during the ongoing sit-in protest regarding the recruitment of 68,500 teachers; admitted to the hospital for treatment.
Lucknow News-68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के आरक्षण संबंधी मामले में न्याय की मांग को लेकर ईको गार्डन में चल रहा अभ्यर्थियों का अनवरत धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी दौरान अभ्यर्थियों के अनुसार, एक अभ्यर्थी के सीने में कोहनी लगने से वह घायल हो गया। साथी अभ्यर्थियों ने उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में प्रशासन द्वारा उन्हें रोका गया। बातचीत के बाद प्रशासन ने घायल अभ्यर्थी को वाहन से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। सिविल अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने के बाद अभ्यर्थी को आगे के उपचार के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल अभ्यर्थी का उपचार जारी है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 में आरक्षण संबंधी विसंगति के समाधान और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुपालन की मांग को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की 16 जून 2026 की बैठक से संबंधित रिपोर्टों के अनुसार, आयोग ने 5 जनवरी 2022 की अपनी संस्तुति को बरकरार रखते हुए OBC अभ्यर्थियों के लिए 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित करने की संस्तुति की थी।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि आयोग की संस्तुति के अनुसार पात्र OBC अभ्यर्थियों का परिणाम संशोधित कर नई चयन सूची जारी की जाए तथा पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार नियुक्ति प्रदान की जाए। साथ ही, आरक्षण संबंधी विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने के लिए जारी है। उनका कहना है कि जब तक 68,500 शिक्षक भर्ती आरक्षण मामले में न्यायपूर्ण समाधान नहीं होता और आयोग की संस्तुति पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी।
Read Also-Chandigarh News-ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस का चंडीगढ़ में प्रदर्शन



