Rajasthan Vacancy 2026: 24,752 पदों पर भर्ती का मौका, राजस्थान सफाई कर्मचारी वैकेंसी की नई अंतिम तिथि घोषित

Rajasthan Vacancy 2026: 24,752 पदों पर होने वाली राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती में अब 13 अक्टूबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया में चयन लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा।

Rajasthan Vacancy 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। स्थानीय स्वशासन विभाग ने सफाई कर्मचारी भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 13 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 सितंबर निर्धारित की गई थी।

24 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत राज्य की 183 शहरी स्थानीय निकायों में कुल 24,752 संविदा सफाई कर्मचारी पदों को भरा जाएगा। बड़ी संख्या में रिक्त पद होने के कारण यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर मानी जा रही है।

भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन 27 जुलाई 2026 को जारी किया गया था, जबकि आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू हुई थी। अब अंतिम तिथि बढ़ने से उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे।

कौन कर सकता है आवेदन?

इन पदों के लिए किसी विशेष शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। हालांकि अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास किसी शहरी स्थानीय निकाय में सफाई कार्य का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। वहीं आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

परीक्षा नहीं, लॉटरी से होगा चयन

इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि चयन लिखित परीक्षा के बजाय लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर आधारित प्रक्रिया से उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

वहीं जिस शहरी निकाय के लिए उम्मीदवार आवेदन करेगा, उसी क्षेत्र में सफाई कार्य का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के बाद दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल फिटनेस और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

आवेदन शुल्क कितना है?

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। जबकि ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एमबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है।

जिन उम्मीदवारों ने पहले किसी राजस्थान भर्ती के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) शुल्क जमा किया है, उन्हें दोबारा फीस देने की आवश्यकता नहीं होगी।

ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म

उम्मीदवार सबसे पहले राजस्थान एसएसओ पोर्टल पर जाएं। इसके बाद अपनी एसएसओ आईडी से लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल खोलें। यहां “सफाई कर्मचारी भर्ती 2026” लिंक पर क्लिक करके आवेदन फॉर्म भरें।

सभी जरूरी जानकारी दर्ज करने के बाद लाइव फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। आवेदन जमा करने से पहले पूरी जानकारी जांच लें और भविष्य के लिए फॉर्म का प्रिंट या पीडीएफ सुरक्षित रख लें।

जल्द करें आवेदन

आवेदन की तारीख बढ़ने के बाद उम्मीदवारों के पास फॉर्म भरने के लिए अतिरिक्त समय है। हालांकि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button