Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के 8,883 छात्र-छात्राओं को मिली 2.16 करोड़ की छात्रवृत्ति

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को प्रथम चरण में मिला छात्रवृत्ति का लाभ

Pratapgarh News: वित्तीय वर्ष 2026-27 में छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत प्रतापगढ़ के 8,883 छात्र-छात्राओं को 2.16 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति का लाभ मिला है। इसमें पूर्वदशम् यानी कक्षा 9 और 10 तथा दशमोत्तर यानी कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थी शामिल हैं।

शुक्रवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सचिवालय में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण श्रीराम बालिका इंटर कॉलेज चिलबिला, प्रतापगढ़ सहित जिले के अन्य संबंधित विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में किया गया।

कक्षा 9 और 10 के 5,246 विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति

पूर्वदशम् कक्षा 9 और 10 के तहत जिले में कुल 5,246 छात्र-छात्राओं को 117.70 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।

इनमें अनुसूचित जाति के 1,152 विद्यार्थियों को 16.12 लाख रुपये, सामान्य वर्ग के 814 विद्यार्थियों को 24.42 लाख रुपये, पिछड़ा वर्ग के 2,832 विद्यार्थियों को 63.72 लाख रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 448 विद्यार्थियों को 13.44 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिली।

कक्षा 11 और 12 के 3,637 विद्यार्थियों को मिला लाभ

दशमोत्तर कक्षा 11 और 12 के अंतर्गत कुल 3,637 छात्र-छात्राओं को 98.62 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।

इसमें अनुसूचित जाति के 938 विद्यार्थियों को 11.26 लाख रुपये, सामान्य वर्ग के 457 विद्यार्थियों को 13.92 लाख रुपये, पिछड़ा वर्ग के 2,127 विद्यार्थियों को 69.69 लाख रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 115 विद्यार्थियों को 3.74 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई।

कुल 8,883 विद्यार्थियों को 216.32 लाख रुपये मिले

पूर्वदशम् और दशमोत्तर दोनों कक्षाओं को मिलाकर जिले के कुल 8,883 छात्र-छात्राओं को 216.32 लाख रुपये यानी करीब 2.16 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति का लाभ मिला।

Pratapgarh News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी डीएम ने सुनीं शिकायतें, 11 मामलों का मौके पर निस्तारण

छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र भी किए गए वितरित

प्रतापगढ़ में आयोजित छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य और प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरित किए।

इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी आशीष द्विवेदी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी छोटेलाल, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी सरोज सहित प्रधानाचार्या, संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता

Related Articles

Back to top button